द फॉलोअप नेशनल डेस्क
उत्तराखंड, चारधाम से लौट रहे 10 तीर्थयात्रियों की मौत सड़क हादसे में हो गयी है। मिल रही खबरों के अनुसार तीर्थ यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर नदी में गिर गया है। इस सड़क हादसे में 10 यात्रियों के मरने की सूचना है। स्थानीय प्रशासन की ओर से सड़क हादसे के बाद बचाव कार्य शुरू हो गया है। प्रारंभिक खबरों में कई लोगों को घायल होने की भी खबर है, जिनको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बचाव कार्य में लगे अधिकारियों ने बताया कि सभी मृतक यूपी के नोएडा के रहने वाले है। सभी तीर्थ यात्री दर्शन कर ऋषिकेश वापस लौट रहे थे। हालांकि मृतकों की पूरी पहचान अब तक नहीं हो पायी है।

खाखरा के पास हुआ हादसा
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि तीर्थ यात्रियों से भरा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर खाखरा के पास नदी में गिर गया है। टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने के बाद तीर्थ यात्रियों की मदद को चीख-पुकार निकल गई थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को हादसे की सूचना दी गयी। एक अन्य खबर के मुताबिक एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच रेस्क्यू करने में जुटी हुई है। बताया गया है कि हादसे के वक्त टेंपो ट्रैवलर में 17 से 28 तीर्थ यात्री सवार थे।

12 जून को 3 लोगों को मौत हुई थी
बता दे कि 12 जून को भी उत्तराखंड के गंगोत्री हाईवे पर रात के समय बड़ा हादसा हुआ था। यहां गंगनानी के पास तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 3 तीर्थयात्रियों के मरने की खबर आयी थी। हादसे के समय बस में करीब 29 यात्री सवार थे। हादसे के बाद बचाव कार्य के लिए एसीडीआरएफ की टीम को बुलाया गया था। कई घायल लोगों को खाई से बाहर निकाला गया था।
