logo

झारखंड : परिसीमन का आधार 2011 की जनगणना बनी तो लोस की ST सीट 5 से मात्र 6 और विस की 28 से 32 तक ही बढेंगी

परिसीमन का आधार 2011 की जनगणना बनी तो लोस की ST सीट 5 से मात्र 6 और विस की 28 से 32 तक ही बढेंगी

द फॉलोअप डेस्क, रांची

केंद्रीय कैबिनेट द्वारा 27 नवंबर को परिसीमन विधेयक को संसद में पेश करने के लिए दी गयी मंजूरी के बाद, अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि एसटी-एससी के लिए सुरक्षित सीटों की संख्या में कितनी वृद्धि होगी। क्योंकि परिसीमन विधेयक का प्रारूप अभी तक केंद्र सरकार ने सार्वजनिक नहीं किया है। सिर्फ इतना तक सार्वजनिक है कि परिसीमन विधेयक के संसद से पारित होने के बाद लोकसभा और विधानसभा की सीटें 50 फीसदी तक बढ़ जाएंगी। इसके अनुसार झारखंड में लोकसभा की 14 की जगह 21 और विधानसभा की 81 की जगह 121 तक सीटें हो जाएंगी। लेकिन एसटी-एससी के लिए सुरक्षित सीटें भी 50 फीसदी तक बढ़ेंगी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। झामुमो, राजद, कांग्रेस और अन्य गैर भाजपा दलों की मुख्य आपत्ति यही है। उनकी मांग यही है कि एसटी-एससी की सुरक्षित सीटें भी कुल सीटों में  होने वाली बढोत्तरी के अनुपात में ही बढ़नी चाहिए। अर्थात लोकसभा में एसटी के लिए सुरक्षित 5 सीटें बढ़ कर 10 और एससी के लिए सुरक्षित एक सीट बढ़ कर 2 होनी चाहिए। इसी प्रकार विधानसभा में एसटी के लिए सुरक्षित सीटें 28 से बढ़ कर 42 और विधानसभा में एससी के लिए सुरक्षित सीटें 9 बढ़ कर 14 होनी चाहिए। लेकिन 2011 की जनगणना अगर आरक्षण का आधार बना तो सबसे अधिक फायदा एससी वर्ग को होगा। उसकी लोकसभा में सुरक्षित सीट की संख्या 1 से बढ़ कर 3 और विधानसभा में 9 से बढ़ कर 15 हो जाएंगी।

झारखंड में अभी आरक्षित सीटों की स्थिति
                               SC आरक्षित     ST आरक्षित
लोकसभा (14 सीटें)     1                         5
विधानसभा (81 सीटें)   9                        28

प्रस्तावित 50 फीसदी वृद्धि लागू होने पर सीटों की संभावित संख्या
लोकसभा  सीट 14 से बढ़कर लगभग 21
विधानसभा सीट 81 से बढ़कर लगभग 121

यदि 2011 की जनगणना के अनुपात को आधार मानें
                               SC आरक्षित        ST आरक्षित
लोकसभा (21 सीटें)    लगभग 3            लगभग 6
विधानसभा (122 सीटें) लगभग 15       लगभग 32


 

Tags - DelimitationJharkhandSTSCseats