logo

रामरेखा महोत्सव खत्म होते ही सफाई में जुटे DC कंचन सिंह समेत कई अधिकारी, श्रमदान कर चमकाया धाम

रामरेखा महोत्सव खत्म होते ही सफाई में जुटे DC कंचन सिंह समेत कई अधिकारी, श्रमदान कर चमकाया धाम

सिमडेगा: 
SIMDEGA NEWS:
द्वितीय राजकीय रामरेखा महोत्सव 2026 के सफल आयोजन के बाद शुक्रवार को श्रीरामरेखा धाम परिसर और आसपास के मेला क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा के तहत उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह की पहल पर आयोजित इस अभियान में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों, पुलिस प्रशासन, नगर परिषद, वन विभाग, सामाजिक संस्थाओं, पत्रकार संघ, एनसीसी कैडेट्स, मेला समिति और स्थानीय लोगों ने सामूहिक रूप से श्रमदान किया। इस दौरान अधिकारियों से लेकर आम लोगों तक ने झाड़ू उठाकर धाम परिसर की सफाई की और स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

महोत्सव के बाद मेला क्षेत्र में जमा हो गया था कचरा
तीन दिवसीय रामरेखा मेला-सह-महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, दुकानदारों और होटल संचालकों के पहुंचने से धाम परिसर, मेला क्षेत्र और आसपास के रास्तों पर काफी कचरा जमा हो गया था। इसमें प्लास्टिक, प्लेट, पानी की बोतलें, कागज, बोरे और अन्य अपशिष्ट शामिल थे। महोत्सव संपन्न होने के बाद धाम को दोबारा स्वच्छ और सुंदर स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने स्वयं मैदान में उतरकर सफाई अभियान चलाया।

अधिकारियों से लेकर विद्यार्थियों तक ने किया श्रमदान
स्वच्छता अभियान के दौरान उपायुक्त कंचन सिंह, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी समेत जिले के वरीय पदाधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने झाड़ू उठाकर परिसर की सफाई की। अभियान में उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, वन प्रमंडल पदाधिकारी शशांक शेखर, परियोजना निदेशक आईटीडीए सरोज तिर्की, अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की, डीसीएलआर अरुणा चौधरी, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान, सदर अंचल अधिकारी इम्तियाज अहमद और नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल रिंकू ने भी हिस्सा लिया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पुलिस जवान, नगर परिषद कर्मी, पत्रकार संघ के सदस्य, एनसीसी कैडेट्स, पाकरटांड़ धर्म समिति, हॉकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चे, मेला समिति, CM School of Excellence, कल्याण गुरुकुल बीरू, खेल छात्रावास के छात्र, स्थानीय जनप्रतिनिधि और IIT के विद्यार्थियों समेत अन्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

2,571 किलोग्राम कचरा किया गया संग्रहित
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों और कार्यालयों की ओर से एकत्र किए गए कचरे का वजन भी किया गया। इस आकलन में संस्थानों और कार्यालयों द्वारा कुल 2,571 किलोग्राम कचरा संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों और अभियान में शामिल सहभागियों ने भी स्वच्छता अभियान में योगदान दिया।

धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी
जिला प्रशासन ने कहा कि श्रीरामरेखा धाम धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। इसकी पवित्रता और सुंदरता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक का भी दायित्व है। स्वच्छता अभियान के माध्यम से जनभागीदारी, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे धार्मिक स्थलों पर कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।

Tags - Ramrekha DhamSimdega NewsCleanliness DriveRamrekha MahotsavJharkhand News