logo

झारखंड जनाधिकार महासभा ने गैर भाजपा दलों से किया परिसीमन के विरोध का आह्वान

झारखंड जनाधिकार महासभा ने गैर भाजपा दलों से किया परिसीमन के विरोध का आह्वान

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

झारखंड जनाधिकार महासभा ने परिसीमन का विरोध शुरू कर दिया है। महासभा ने गैर भाजपा दलों के नाम एक खुला पत्र जारी किया है। उसमें कहा है कि 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के सत्र में मोदी सरकार द्वारा फिर से परिसीमन बिल को लाया जा रहा है। मोदी सरकार 50% बढ़ोतरी व 25 वर्षों के लिए फ्रीज़ के प्रस्ताव के साथ परिसीमन बिल पेश करने वाली है। हमलोगों का मानना है कि परिसीमन के वर्तमान स्वरूप, असम व जम्मू-कश्मीर के अनुभव एवं केन्द्रीय चुनाव आयोग की वर्तमान स्थिति को देखते हुए परिसीमन से आदिवासियों, दलितों व मुसलमानों एवं झारखंड जैसे राज्यों की राजनैतिक आवाज कमजोर होगी। 

विधानसभा व लोकसभा की बाउन्ड्री बदलने की साजिश
2022 में जम्मू-कश्मीर व 2023 में असम में हुआ विशेष परिसीमन मोदी सरकार के खतरनाक खेल का नमूना है। दोनों राज्यों में कई सीटों के सीमाओं को ऐसे फेर-बदल किया गया ताकि भाजपा समर्थक मतदाता एकजुट हो जाएँ और विरोधी बंट जाएं। समुदायों और वोटरों को चिन्हित करके, बूथों को चिन्हित करके यह खेल खेला गया। इससे आदिवासियों और मुसलमानों की चुनावी आवाज कमजोर हुई है। पूरे देश में इसी खेल से आदिवासियों, दलितों और मुसलमानों की राजनीतिक आवाज कमजोर करने की साजिश है। 

परिसीमन आयोग में केन्द्रीय चुनाव आयुक्त
तीन सदस्यों के परिसीमन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त, राज्य चुनाव आयुक्त व सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त जज रहते हैं। चुनाव आयोग द्वारा पिछले कुछ सालों में भाजपा के प्रति पक्षपात व SIR के खेल को देखते हुए देश की एक बड़ी आबादी व विपक्षी दलों की मांग है कि वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाया जाए, 2023 के चुनाव आयुक्त चयन कानून को रद्द किया जाए और चुनाव आयोग को निष्पक्ष बनाया जाए।  ऐसा नहीं होने पर केंद्र सरकार द्वारा चयनित परिसीमन आयोग भाजपा के चुनावी फायदा को ही प्राथमिकता देगी। 

आदिवासियों के साथ ऐतिहासिक अन्याय
पलायन, अधिक मृत्यु दर, जनसंख्या नियंत्रण का प्रयोग एवं भारी बाहरी आबादी के बसने के कारण, आदिवासी प्रतिनिधित्व में भारी कमी का खतरा है। वर्तमान में पाँचवी/छटी अनुसूची क्षेत्रों में पंचायती राज इकाईयों और स्वशासी परिषदों में सभी अध्यक्ष पद आदिवासियों के लिए आरक्षित होते हैं। लेकिन विधानसभा व लोकसभा चुनावों में जनसंख्या के आधार पर आरक्षण होता है। इसके कारण अनुसूचित क्षेत्र की अनेक सीटें आदिवासियों के लिए आरक्षित नहीं हैं। वर्तमान प्रस्ताव अनुसार अगर 50% बढ़ोतरी भी होती है, तो भी इस ऐतिहासिक अन्याय का निराकरण नहीं होगा और आदिवासियों की राजनैतिक आवाज़ कमजोर होगी। यह भी गौर करने की बात है कि कई आदिवासी बहुल क्षेत्र अभी भी अनुसूचित नहीं हैं। 

50% बढ़ोतरी से भी बढ़ेगा फासला
हालांकि सभी राज्यों की सीटों की संख्या 50% से बढ़ेंगे और अनुपात बराबर रहेगा, लेकिन इससे कम सीट वाले समुदायों/राज्याओं और अधिक सीट वाले समुदायों/राज्याओं में फासला और बढ़ेगा। वर्तमान में गैर-आरक्षित व आदिवासी-दलित आरक्षित सीटों में 281 का फासला है। यह बढ़कर 421 हो जाएगा। इतने बड़े फासले से आदिवासी-दलित आवाज़ों को दबाना आसान हो जाएगा। ऐसे ही तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश का फासला 41 से बढ़कर 61 हो जाएगा। 

महासभा का मानना है कि जब तक उक्त मुद्दों पर जनता के साथ चर्चा कर निराकरण के रास्ते नहीं तय हो, तब तक किसी भी हालत में परिसीमन नहीं होना चाहिए। महिला आरक्षण को बिना परिसीमन का इंतज़ार किये तुरंत संसद व विधानसभा की वर्तमान संख्या पर ही लागू किया जाए। सीटों की कुल संख्या बढ़ाने के बजाय ध्यान देश की संघीय ढांचे और विकेंद्रीकृत शासन व्यवस्था को मज़बूत करने पर देना चाहिए।  महासभा का मानना है कि मोदी सरकार परिसीमन के माध्यम से अपनी तानाशाही की जड़ों को और मज़बूत करना चाहती है। महासभा आशा करती है कि INDIA गठबंधन व गैर-भाजपा दलें एवं नेता अपने स्वार्थ के लिए देश और जनता के साथ ऐतिहासिक गद्दारी नहीं करेंगे और एकजुट होकर देश की मूल लोकतान्त्रिक चुनावी व्यवस्था को खत्म करने की इस कोशिश को नाकाम करेंगे।

Tags - Jharkhand Janadhikar Mahasabhadelimitationprotestnon-BJP parties