logo

परिसीमन पर बंधु तिर्की का केंद्र पर निशाना, बोले- झारखंड में सीटें घटाने की कोशिश हुई तो सड़क पर उतरेंगे

परिसीमन पर बंधु तिर्की का केंद्र पर निशाना, बोले- झारखंड में सीटें घटाने की कोशिश हुई तो सड़क पर उतरेंगे

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

परिसीमन को लेकर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब परिसीमन की चर्चा शुरू हुई थी, तभी से उन्हें आशंका थी कि झारखंड के हितों के साथ खिलवाड़ हो सकता है और अब वही आशंका सामने आती दिख रही है। तिर्की ने कहा कि 2029 में परिसीमन होना था, लेकिन इसके बावजूद झारखंड में सीटों की संख्या कम नहीं होने देने की मांग पर वे आज भी अडिग हैं। उन्होंने कहा कि यदि 50 प्रतिशत सीटों की वृद्धि होती है, तो झारखंड में विधानसभा की एसटी सीटें 28 से बढ़कर 42 हो जाएंगी। उनकी मांग है कि राज्य में सीटें घटाने के बजाय बढ़ाई जाएं। बंधु तिर्की ने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड के साथ बड़ा षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सीटों के आधार पर भाजपा राज्य की सत्ता हासिल नहीं कर पा रही है, इसलिए परिसीमन के जरिए सत्ता में आने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा असम की तर्ज पर झारखंड में भी राजनीतिक समीकरण बदलना चाहती है।


राष्ट्रपति और कानून मंत्री को सौंप चुके हैं दस्तावेज
बंधु तिर्की ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी वे देश के कानून मंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। इसके अलावा राष्ट्रपति से मिलकर परिसीमन से जुड़े दस्तावेज और अपनी चिंताएं भी रखी थीं, जिसका जवाब भी उन्हें मिला है। उन्होंने कहा कि 14 सांसदों को भी इस संबंध में प्रमाण और दस्तावेज उपलब्ध कराए गए थे। अब जब संसद में विधेयक पर बहस होगी, तब यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन इस मुद्दे पर झारखंड का पक्ष रखता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने परिसीमन के नाम पर कोई चालाकी की, तो उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। तिर्की ने कहा कि यदि झारखंड में सीटों की संख्या कम हुई, तो आने वाले समय में राज्य में आदिवासी मुख्यमंत्री बनने की संभावना पर भी असर पड़ सकता है।


30 नवंबर को सांकेतिक विरोध, जरूरत पड़ी तो आंदोलन
पूर्व मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि परिसीमन को लेकर झारखंड के हित में फैसला नहीं लिया गया, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारों और आदिवासी प्रतिनिधित्व की रक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा। इसी कड़ी में 30 नवंबर को सांकेतिक रूप से सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि झारखंड में परिसीमन के तहत सीटों की संख्या घटाने के किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा और राज्य की राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग जारी रहेगी।

Tags - Bandhu TirkeyDelimitationJharkhand PoliticsTribal RightsJharkhand News