द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखकर, रांची में द भारतमित्र न्यूज पोर्टल के पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी प्रकरण में हस्तक्षेप की मांग की है। बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया है कि सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े कथित यौन शोषण मामले की रिपोर्टिंग करने वाले व्हिसिलब्लोअर, पत्रकार अभिषेक भारती के साथ हिरासत में मारपीट की गई। बाबूलाल मरांडी का आरोप है कि पुलिस हिरासत में पत्रकार को बर्बर यातना दी गई। बाबूलाल मरांडी ने ह्यूमन राइट्स कमीशन से इस केस में स्वत संज्ञान लेकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पुलिस पर पक्षपात और दमन का लगाया आरोप
बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को लिखे पत्र में यह आरोप लगाया है कि कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ नाबालिग लड़की द्वारा दर्ज कराए यौन उत्पीड़न मामले में सिमडेगा पुलिस प्रशासन का रवैया बहुत पक्षपातपूर्ण और दमनात्मक रवैया रहा है। इस स्थिति को चिंताजनक और कानून के शासन के विपरित बताते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जघन्य आरोपों के घेरे में आए सत्ताधारी दल के विधायक भूषण बारा के प्रति पुलिस प्रशासन का रवैया पूरी तरह नर्म और संदिग्ध रूप से रक्षात्मक बना हुआ है। बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण को साहसपूर्ण तरीके से उजागर करने वाले व्हिसिलब्लोआर, पत्रकार अभिषेक भारती को ही निशाना बनाकर उनके साथ अमानवीय पुलिसिया बर्बरता की गई है।
बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को लिखा है कि एक ओर प्रभावशाली आरोपी को कानून की सख्ती से बचाए जाने की आशंका है तो वहीं, दूसरी ओर सच सामने लाने वालेपत्रकार को हिरासत में यातना देकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्रकार अभिषेक भारती की पिटाई का दावा
बाबूलाल मरांडी ने इस चिट्ठी में सिमडेगा के स्थानीय नागरिकों के हवाले से यह दावा किया है कि 25 नवंबर की रात से लेकर 26 नवंबर की दोपहर को 3 बजे तक पाकरटांड़ थाने में अभिषेक भारती पर अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाने के लिए हिरासत में बर्बरतापूर्ण मारपीट की गई। बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया है कि पत्रकार अभिषेक भारती के तलवों में लाठियां मारी गई। उनकी उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर दोनों हाथों पर प्रहार किया गया और मुंह के बल लिटाकर पीटा गया। बाबूलाल मरांडी ने लिखा है कि इस दौरान अभिषेक भारती पर कथित तौर पर अदालत में पुलिस के कहे मुताबिक बयान देने का दबाव बनाया जाता रहा। लिखा है कि असहनीय पीड़ा और प्राणों का संकट देखते हुए उन्होंने पुलिस से पिटाई बंद करने की गुहार लगाते हुए यहां तक कह दिया कि उनसे सादे कागजों पर हस्ताक्षर करा ले, जिसके पश्चात वह अचेत हो गए।
बाबूलाल मरांडी ने लिखा कि यद्यपि मुझ तक पहुंचे इस विवरण की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी, लेकिन यदि किसी व्यक्ति को हिरासत में इस स्थिति तक पहुंचाया गया है, तो उन सभी कागजात की गहन जांच अनिवार्य है, जिनपर हिरासत अवधि में हस्ताक्षर लिया गया हो।

न्यायालय में पेशी के दौरान बेहोश हुए थे अभिषेक!
नेता प्रतिपक्ष ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को लिखा है कि न्यायालय में पेशी के दौरान जब अभिषेक भारती को रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाया गया तब वह अपने पैरों पर खड़े होने या चलने की स्थिति में नहीं थे। 4 पुलिसकर्मी उन्हे उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले गए, जहां वह बेहोश होकर गिर पड़े। बाबूलाल मरांडी ने लिखा है कि कोर्ट ने उनकी नाजुक हालत को देखकर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया, लेकिन पुलिस कथित तौर पर उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाने की हाजत मे ले गई और जब हालत ज्यादा बिगड़ गई, तभी उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बाबूलाल मरांडी के मुताबिक, अंतिम सूचना के अनुसार वह अस्पताल के बिस्तर पर अचेत अवस्था में थ।
बाबूलाल मरांड ने लिखा है कि इसी घटनाक्रम से जुड़ा एक अन्य गंभीर तथ्य यह है कि न्यायालय परिसर में उनकी स्थिति का वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को भी टाउन थाने ले जाकर लगभग चार घंटे तक बैठाए रखा गया, उनके मोबाइल फोन कब्ज़े में लिए गए और रिकॉर्ड किए गए वीडियो मिटाने के बाद ही उन्हें रात में छोड़ा गया।
ह्यूमन राइट्स कमीशन से बाबूलाल मरांडी की मांग
बाबूलाल मरांडी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मांग की है कि इस मामले में स्वत संज्ञान लेकर अपनी निगरानी में निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच सुनिश्चित कराए। अभिषेक भारती को अविलंब समुचित और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। एक स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से उनकी जांच कराकर शरीर में आई सभी चोटों का विस्तृत अभिलेख तैयार हो। पाकरटांड़ थाना, सिमडेगा टाउन थाना और कोर्ट परिसर से संबंधित सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, थानों की स्टेशन डायरी, हिरासत और पेशी से जुड़े दस्तावेज तथा सदर अस्पताल के चिकित्सा रजिस्टर को तत्काल सुरक्षित करने का निर्देश दिए जाएं, ताकि गिरफ्तारी से लेकर अस्पताल में भर्ती होने तक की वास्तविक समय सारणी और तथ्य स्पष्ट हो सकें।

न्यायिक दंडाधिकारी के सामने अभिषेक का बयान हो!
बाबूलाल मरांडी ने अपील की है कि चिकित्सकीय रूप से सक्षम होते ही अभिषेक भारती का बयान आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष दर्ज कराया जाए। साथ ही, जिन तीन पत्रकारों के मोबाइल से वीडियो मिटाने का आरोप है, उन्हें सुरक्षा प्रदान करते हुए स्वतंत्र रूप से अपना बयान दर्ज कराने का अवसर दिया जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि साक्ष्य मिटाने का यह कृत्य किसके निर्देश पर किया गया। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून के समक्ष समानता सर्वोपरि है। नाबालिग के यौन शोषण जैसे गंभीर मामले के आरोपी को संरक्षण और उसे उजागर करने वाले पत्रकार को हिरासत में यातना देना न्याय व्यवस्था और प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है।
हिरासत में लिए गए नागरिक की सुरक्षा का दायित्व पुलिस का होता है और इस भरोसे को तोड़ने वाले दोषियों के विरुद्ध, उनके पद और राजनीतिक प्रभाव की परवाह किए बिना, कठोर कानूनसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।