logo

असली पत्रकार कौन? सुप्रीम कोर्ट तय करेगा, प्रदर्शन कवर करने वालों की सुरक्षा पर कही बड़ी बात

असली पत्रकार कौन? सुप्रीम कोर्ट तय करेगा, प्रदर्शन कवर करने वालों की सुरक्षा पर कही बड़ी बात

नई दिल्ली: 
Supreme Court:
सुप्रीम कोर्ट ने पत्रकारों की पहचान और उन्हें मिलने वाली सुरक्षा को लेकर अहम टिप्पणी की है। शीर्ष अदालत ने गुरुवार को कहा कि कोई व्यक्ति खुद को पत्रकार घोषित कर पत्रकार का दर्जा हासिल नहीं कर सकता। अदालत इस बात पर विचार करेगी कि पत्रकार किसे माना जाए और किसे नहीं। साथ ही यह भी तय करने पर विचार होगा कि विरोध-प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों को खुद को पत्रकार बताने वाले लोगों की तुलना में अधिक सुरक्षा मिलनी चाहिए या नहीं।


पत्रकार की पहचान और सुरक्षा पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
देश के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और वी. मोहना की पीठ ने दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान पत्रकारों को हिरासत में लेने, कथित तौर पर प्रताड़ित करने और उन पर अत्यधिक बल प्रयोग करने के आरोपों से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। ये प्रदर्शन वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के समर्थन में किए गए थे। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि खुद को पत्रकार बताने वाले लोगों को संभव है कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों के समान सुरक्षा न मिले। उन्होंने कहा कि पत्रकार का दर्जा खुद से तय नहीं किया जा सकता।

जस्टिस बागची ने स्पष्ट किया कि अखबार या प्रिंट मीडिया से जुड़े पत्रकार प्रेस काउंसिल से मान्यता प्राप्त पत्रकारों की श्रेणी में आते हैं। इसी तरह टीवी चैनल से जुड़े पत्रकारों को उनकी संस्था के अनुसार मान्यता मिलती है। ऑनलाइन पत्रकार भी हो सकते हैं और उनका रजिस्ट्रेशन भी हो सकता है। हालांकि, आज के समय में कई लोग खुद को पत्रकार बताते हैं। ऐसे स्वघोषित पत्रकारों को मान्यता प्राप्त पत्रकारों जैसी सुरक्षा मिलनी चाहिए या नहीं, इस पर विचार करना जरूरी है।

पत्रकारिता की आजादी और कानून-व्यवस्था के बीच संतुलन जरूरी
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में पत्रकारिता की स्वतंत्रता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की राज्य की जिम्मेदारी के बीच संतुलन स्थापित करना होगा। पीठ इस बात पर भी विचार करेगी कि विरोध-प्रदर्शनों को कवर करते समय मान्यता प्राप्त पत्रकारों को स्वघोषित पत्रकारों की तुलना में अधिक सुरक्षा दी जानी चाहिए या नहीं। पीठ ने 10 और 11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में हुए प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग कर रहे सात पत्रकारों को कथित तौर पर हिरासत में लेने, उनके साथ मारपीट करने और उनके काम में बाधा डालने से जुड़े आरोपों की जांच का जिम्मा सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति को सौंप दिया है। अदालत ने शिकायतकर्ता पत्रकारों को अपने सभी साक्ष्य समिति के सामने पेश करने का निर्देश दिया है।

पत्रकारों के आरोपों की जांच करेगी उच्चस्तरीय समिति
सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने याचिकाकर्ताओं से कहा कि वे गठित समिति के सामने जाकर तथ्यों के साथ साबित करें कि उनके सदस्य वास्तव में घटनास्थल पर मौजूद थे या नहीं। यदि वे वहां मौजूद थे, तो उनके खिलाफ अत्यधिक बल का इस्तेमाल किया गया या नहीं, इसकी भी जांच कराई जाएगी। पीठ ने यह भी कहा कि समिति को यह देखना होगा कि यदि पत्रकारों पर बल प्रयोग हुआ, तो क्या वह सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी अनुपात से अधिक था। केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स और दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की ओर से दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि पत्रकारों को रिपोर्टिंग के स्थानों से जबरन हटाया गया। उन्हें घटनाओं की रिकॉर्डिंग करने से रोका गया और उनके साथ शारीरिक बल का इस्तेमाल किया गया। याचिका के मुताबिक, प्रदर्शन को कवर कर रहे मान्यता प्राप्त पत्रकारों को रोका गया, घसीटा गया और उनके साथ बदसलूकी की गई। इतना ही नहीं, प्रेस पहचान पत्र दिखाने के बावजूद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

स्थापित मीडिया संस्थानों से जुड़े थे हिरासत में लिए गए पत्रकार
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता पी.वी. दिनेश ने पीठ को बताया कि हिरासत में लिए गए सात पत्रकार स्थापित मीडिया संस्थानों से जुड़े थे। वे सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले लोग नहीं थे। उन्होंने अदालत के सामने सवाल उठाया कि जब स्थापित और मान्यता प्राप्त पत्रकार किसी घटना की रिपोर्टिंग कर रहे हों, तो क्या उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है? उन्होंने पत्रकारों के काम में बाधा डालने और उनके साथ किए गए कथित व्यवहार पर भी सवाल उठाए।

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स को लेकर क्या कहा?
मामले की पिछली सुनवाई में दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले और इन्फ्लुएंसर विरोध-प्रदर्शनों को कवर करने वाले पत्रकारों के समान सुरक्षा का दावा नहीं कर सकते। दिल्ली पुलिस ने अपने हलफनामे में कहा था कि पत्रकार एक अलग श्रेणी में आते हैं और उन्हें सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के समान नहीं माना जा सकता। पुलिस का तर्क था कि व्यावसायिक लाभ के लिए कैमरे और माइक्रोफोन का इस्तेमाल कर रील बनाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को विरोध-प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग के दौरान स्वतः ही प्रेस को मिलने वाली सुरक्षा का अधिकार नहीं मिल सकता।

Tags - Supreme CourtJournalist SafetyFreedom of the PressDelhi ProtestsR. Subhash Reddy Committee