logo

झारखंड हाईकोर्ट के नए भवन की खुशी बहुत, मगर न्याय प्राप्त करने के लिए अधिकांश लोगों का जूझना चिंतनीय- बंधु तिर्की

BANDHU11.jpg

द फॉलोअप डेस्क

15 नवंबर 2000 को झारखंड गठन के बाद 24 मई 2023 वैसा महत्वपूर्ण दिन है जब राजधानी रांची में झारखंड उच्च न्यायालय के नए परिसर के उद्घाटन के साथ ही न केवल भारतीय लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था की गरिमा बढ़ेगी, बल्कि यह जनजातीय बहुल प्रदेश झारखंड और जनजातीय समुदाय के गौरव को भी बढ़ाने वाला होगा। ये बातें झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने 23 मई मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि झारखंड उच्च न्यायालय का भव्य-विशाल इको फ्रेंडली भवन ना केवल स्वतंत्र न्यायिक व्यवस्था का प्रतीक बनेगा या फिर यह हमारे संविधान एवं भारतीय लोकतंत्र की गरिमा को बहाल रखने के मामले में प्रेरणादायी बनेगा, बल्कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर झारखंड और गर्व से भरे जनजातीय समुदाय का भी मान-सम्मान बढ़ेगा। 

झारखंड के लोगों को अब जल्द मिलेगा न्याय

तिर्की ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में भारत के सर्वोच्च पद पर पहली बार आसीन जनजातीय समुदाय की कोई महिला द्रौपदी मुर्मू के हाथों झारखंड को झारखंड उच्च न्यायालय के नए भवन के रूप में एक शानदार उपहार मिल रहा है।  इस दौरान उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड उच्च न्यायालय के विशाल एवं गरिमामयी भवन की तरह ही झारखंड के लोगों को अब अपेक्षाकृत त्वरित गति से न्याय मिल पायेगा। यहां की सामाजिक असमानता, गरीबी और विलंब से न्याय मिलने की पुरानी बीमारी पर प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से अंकुश लगेगा।

न्याय प्राप्ति के लिए जूझ रहे अधिकांश लोग  

इस दौरान तिर्की ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, भारत के मुख्य न्यायाधीश, भारत के विधि एवं न्याय मंत्री झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं मुख्य न्यायाधीश से भी अनुरोध किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि झारखंड के आर्थिक दृष्टि से कमजोर लोगों विशेषकर, आदिवासियों, मूलवासियों, दलितों एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को कम-से-कम खर्च और परेशानी में त्वरित न्याय दिलवाने के लिए वे सभी अपने प्रभाव का इस्तेमाल करें। उन्होंने ने कहा कि झारखंड गठन के बाद पिछले 22 साल में यह बहुत अधिक नकारात्मक पक्ष रहा है। उन्होंने बताया कि यहां के अधिकांश लोगों को न्याय प्राप्ति के लिए बहुत अधिक जूझना पड़ रहा है और इसके लिए उन्हें बहुत अधिक पैसे और समय खर्च करने पड़ रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें काफी परेशानी भी झेलनी पड़ रही है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT