logo

हम सभी एक हैं, विविधता में एकता हमारी शक्ति और प्रगति की आधारशिला- राज्यपाल

SIKKIM.jpg

द फॉलोअप डेस्क

हमारे देश में विभिन्न जाति, धर्म व संप्रदाय के लोग सौहार्दपूर्वक रहते हैं। जिनकी भाषा, संस्कृति, रीति-रिवाज़ अलग-अलग हैं, फिर भी हम सभी एक हैं और यही विविधता में एकता हमारी शक्ति और प्रगति की आधारशिला रही है। ये बातें झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने 16 मई मंगलवार को राज भवन में आयोजित सिक्किम राज्य स्थापना दिवस समारोहके अवसर पर सिक्किम के निवासियों को बधाई देते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इस खूबसूरत प्रदेश का समृद्ध इतिहास रहा है। यहा की संस्कृति जीवंत है तथा लोक-कला समृद्ध है।

सिक्किम ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में की उल्लेखनीय प्रगति

इस अवसर पर राज्यपाल ने झारखंड में निवास कर रहे सिक्किम के लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सिक्किम ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में यह राज्य अग्रणी रहा है। साथ ही इस राज्य ने पर्यटन के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। इस प्रदेश का जैविक कृषि के क्षेत्र में किए गए अद्वितीय प्रयास ने पूरे विश्वपटल पर अमिट पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि जैविक कृषि की दिशा में राज्य के द्वारा किए गए कार्य अत्यंत ही प्रशंसनीय है, जो देश के बाकी हिस्सों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है।

असीम देशभक्ति की भावना है निहित

राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में उनके बहुत से सहपाठी सिक्किम के रहने वाले थे और उनकी भावना से उस समय से ही अवगत हैं कि वे अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करते हैं तथा उनमें असीम देशभक्ति की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि सिक्किम के बहुत से लोग झारखंड राज्य में रह रहे हैं और यहां विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस मौके पर राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने स्वागत भाषण किया। उक्त अवसर पर सिक्किम की रहने वाली बीआईटी मेसरा में अध्ययनरत छात्रा प्रशांति शर्मा एवं जैप-1 में कार्यरत राजेश शर्मा ने राज्यपाल का इस पहल के लिए आभार प्रकट किया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT