logo

हेमंत सरकार में पैसे के बल पर बन रहा राशन कार्ड, गरीब व दलित भूखे मरने को मजबूर: बाबूलाल मरांडी

babulal_M.jpg

बोकारो 
संकल्प यात्रा के छट्ठे चरण के दौरान चंदनकियारी विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर हमला बोला। साथ उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त, अपराध मुक्त शासन के लिए भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ग़रीब किसानों के प्रति समर्पित है। प्रधानमंत्री मोदी ग़रीब घर से आते हैं इसलिए वे ग़रीबों की चिंता करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री बनते ही अपने कार्यकाल का पहला कार्य बहनों के लिए शौचालय का निर्माण करवाया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण ज़रूर किया किंतु बड़े घरानों व पूंजीपतियों के लिए। प्रधानमंत्री मोदी ने जनधन खाते खुलवाकर एक एक ग़रीब व्यक्ति को बैंकों से जोड़ दिया। कोविड काल में जब कल कारख़ाने बंद हुए तो मोदी ने सीधे खाते में पैसे डालने का कार्य किया जबकि राजीव गांधी के कार्यकाल में केंद्र से चलने वाला एक रुपया का पंद्रह पैसे पहुंचता था। 

भ्रष्टाचार की पोल खोली 

उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। पैसे लेकर अयोग्य व्यक्तियों का राशन कार्ड बनाया जा रहा है जबकि ग़रीब व्यक्ति भूखे मरने को मजबूर हैं। गढ़वा में मुसहर दलित का मामला भी ऐसा ही है। उन्होंने कहा कि मामले में जांच करते हुए एमओ बीडीओ के ख़िलाफ़ कार्रवाई आवश्यक है। अंचल ब्लॉक और ज़िला के सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे दिये कोई काम नहीं होता है। जन्म प्रमाण पत्र से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में भी पैसे देना पड़ रहा है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए घूस  देना पड़ता है। सरकारी पदाधिकारियों को मोबाइल रिचार्ज की तरह पद पर बने रहने के लिए हेमंत सरकार को रिचार्ज करना होता है। उन्होंने कहा कि ईडी  के नोटिस से हेमंत भाग रहे हैं। हेमंत लुटेरे हैं इसलिए जेल जाने से डर रहे हैं।  उन्होंने अपराध मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और विकास कार्य के लिए 2024 में केंद्र में मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री और झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। 


हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N