रांची
रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में एक कैदी द्वारा आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। बुधवार को कैदी ने अपने सेल में आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सिकंदर अंसारी के रूप में हुई है, जो कांके थाना क्षेत्र के हुसीर गांव का निवासी था। वह वर्ष 2017 से अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद था।
जेल प्रशासन के अनुसार, सिकंदर अंसारी को आत्महत्या की कोशिश करते हुए कक्षपाल ने देख लिया था, जिसके बाद तुरंत उसे रोकने की कोशिश की गई और उसे आनन-फानन में रिम्स अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, प्रशासन का कहना है कि पूरी घटना की जांच की जाएगी और रिपोर्ट जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।