रांची
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने प्रदेश में सरकार द्वारा अफीम की खेती को बुलडोजर एवं ट्रैक्टर द्वारा रौंदे जाने को आईवॉश करार दिया है। महतो ने कहा है कि हेमन्त सरकार विगत पाँच सालों से राज्य एवं जिले के सीमावर्ती इलाकों में सरकार द्वारा संपोषित व संरक्षित गिरोह बनाकर लाखों एकड़ जमीन पर अफीम की खेती कराती रही है। गिरोह के माध्यम से ग्रामीण इलाकों से उगाही का पैसा सीधे रांची तक पहुंचता है। पुलिस महकमा से लेकर पूरा सरकारी तंत्र अफीम की खेती करवाने में मिला हुआ है।
भाजपा प्रवक्ता रमाकांत महतो ने सरकार के अधीन काम करती ख़ुफ़िया विभाग पर भी सवाल खड़ा करते हुए जवाब मांगा है कि जब लाखों एकड़ जमीन पर अफीम की फसलें लहलहाती हैं तब सरकार का ये खुफिया विभाग क्या कर रहा होता है। जब चीरा लगाकर माल पंजाब, राजस्थान के अलावे अन्य प्रदेशों में चला जाता है उसके बाद सरकार की कुंभकर्णी नींद खुलती है। पुलिस के माध्यम से अफ़ीम की खेती को बुलडोजर व ट्रैक्टर से रौंदवा दिया जाता है। जो केवल और केवल एक आईवॉश के अलावा और कुछ नहीं है।
महतो ने कहा है कि एक ओर जहां राज्य बिना नीति बनाकर तम्बाकू गुटखा आदि पर बैन लगा लगाती है वहीं राजधानी के सटे क्षेत्रों में खुलेआम अफ़ीम की खेती को रोक पाने असमर्थ है। कहा झारखण्ड को राज्य सरकार नशे के क्षेत्र में पंजाब बनाना चाहती है।