logo

पद्मश्री, गणितज्ञ डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह का चित्र नेतरहाट विद्यालय को किया गया समर्पित

NETAR_HAAT.jpg

द फॉलोअप डेस्क

नेतरहाट विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र पद्मश्री महान गणितज्ञ डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह का चित्र शनिवार को नेतरहाट विद्यालय को भेंट किया गया। डॉ. वशिष्ठ नारायण के मित्र डॉ अखिलेश द्वारा विद्यालय के प्राचार्य डॉ संतोष कुमार सिंह को भेंट स्वरूप उनकी स्मृति प्रदान किया गया। बता दें कि पूर्ववर्ती छात्र डॉक्टर अखिलेश चौधरी (1962-1968 बैच) के डॉ. वशिष्ठ नारायण के बचपन के दोस्त हैं। मौके पर प्राचार्य डॉ संतोष कुमार सिंह ने डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह से अपने पूर्व के मुलाकातों का उल्लेख करते हुए भावुकता से उनके व्यक्तित्व की सहजता का उल्लेख किया। पूर्ववर्ती छात्र डॉक्टर अखिलेश को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उन्होंने घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के रत्न, महान गणितज्ञ, पद्मश्री डॉ वशिष्ठ के चित्र को विद्यालय पुस्तकालय में लगाया जाएगा, जिससे विद्यालय के वर्तमान पीढ़ी के छात्र प्रेरणा ले सकें।

सन 2019 को पटना में हुआ निधन

डॉ वशिष्ठ नारायण सिंह बिहार के भोजपुर जिला स्थित बसंतपुर गांव के निवासी थे। विलक्षण प्रतिभा के धनी बालक वशिष्ठ की चर्चा आरंभिक दिनों में ही प्रतिभावान छात्र के रूप में पूरे इलाके में होने लगी थी। सन 1957 से 1963 तक की स्कूली शिक्षा डॉ वशिष्ठ ने नेतरहाट विद्यालय से प्राप्त की। नेतरहाट विद्यालय के चतुर्थ आश्रम वर्ग के विक्रम आश्रम के ये अंतेवासी छात्र थे। बिहार माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से पूरे राज्य में मैट्रिक की परीक्षा में इन्हें सर्वोच्च स्थान प्राप्त हुआ था। आगे की शिक्षा पटना साइंसकॉलेज से प्राप्त कर गणित के क्षेत्र में महारत हासिल करते हुए उन्होंने विदेश के विश्वविद्यालयों से शोध कर डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त कर उन्हीं विश्वविद्यालयों में शोध एवं शिक्षण का कार्य भी किया। भारत में भी आईआईटी जैसे संस्थानों में ये व्याख्याता के रूप में कार्यरत रहे। नियति का खेल, डॉक्टर वशिष्ठ मनोविदलता (सिजोफ्रेनिया) नामक मानसिक रोग से ग्रसित हो गए। जिसके बाद इनका दुखद निधन पटना में सन 2019 को हो गया।

डॉ वशिष्ठ के जीवनी एवं गणित के क्षेत्र में योगदान

कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के गणित विभाग के शिक्षक राजेश कुमार एवं तारकेश्वर पासवान के द्वारा किया गया। इस मौके पर छात्र चिरंजीवी शाश्वत आनंद एवं चिरंजीवी शिवशंकर ने डॉ वशिष्ठ के जीवनी एवं गणित के क्षेत्र में उनके योगदान पर विशेष विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर अन्य सभी शिक्षकों के साथ-साथ विशेष रूप से वरियतम शिक्षक डॉ प्रसाद पासवान, विधु शेखर देव एवं रवि प्रकाश सिंह उपस्थित रहे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT