logo

हेमंत सरकार के 7 साल पर BJP की चार्जशीट : आदित्य साहू बोले- झारखंड में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, जनता त्रस्त

आदित्य साहू बोले- झारखंड में कानून-व्यवस्था ध्वस्त, जनता त्रस्त

द फॉलोअप, रांची:

Political News: झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार (Hemant Soren government) के सात साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (Jharkhand BJP) ने राज्य सरकार के खिलाफ आरोप पत्र यानी ‘चार्जशीट’ (Charge sheet) जारी किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू (Aditya Sahu) ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के सात साल के कार्यकाल को विफल बताते हुए भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, अवैध खनन और विकास कार्यों में अनियमितता जैसे मुद्दों को उठाया। आदित्य साहू ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (Former PM Atal Bihari Vajpayee) ने झारखंड राज्य का गठन किया था, लेकिन आज राज्य दुर्दशा झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि जब-जब झारखंड में बीजेपी की सरकार बनी, तब-तब राज्य में विकास हुआ। वहीं, झामुमो-कांग्रेस (JMM-Congress) गठबंधन की सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। झारखंड लगातार असुरक्षित राज्य बनता जा रहा है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था (Law and order) पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यहां थाने में महिला के साथ रातभर दुष्कर्म जैसी घटनाएं हो रही हैं। सच दिखाने वाले पत्रकारों को जेल जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए बोली लगती है और पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है। अंचल कार्यालयों में बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता। उन्होंने राज्य सरकार से सवाल किया कि इन परिस्थितियों के लिए जिम्मेदार कौन है।

सरकारी टेंडरों में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप 

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि पुलिस की निगरानी में रातभर झारखंड की नदियों से बालू उठाने का खेल चल रहा है। सरकारी टेंडरों में बड़े पैमाने पर अनियमितता हो रही है और ठेकेदारों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही शून्य हो चुकी है। राज्य सरकार को इन मुद्दों पर आत्ममंथन करना चाहिए। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। झारखंड में नौकरियां बेची गईं और छात्रों के आंदोलन समाप्त होने के बाद उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे (Fabricated cases) दर्ज किए गए। उन्होंने स्थानीय भाषा के आधार पर नियुक्तियों को लेकर भी सवाल उठाए। साहू ने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को भी नौकरी दी गई, जिन्हें झारखंड की स्थानीय भाषाओं की जानकारी तक नहीं है। आदित्य साहू ने आगे कहा कि SIR के नाम पर लोगों के बीच भ्रम फैलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार SIR नहीं हो रहा है, बल्कि पहले भी यह प्रक्रिया हो चुकी है। वहीं, MMDR एक्ट को लेकर उन्होंने कहा कि पूरे देश ने इसका स्वागत किया और कांग्रेस शासित राज्यों ने भी इसे स्वीकार किया, लेकिन झारखंड में कोयले की चोरी को लेकर इसका विरोध किया जा रहा है। झारखंड में विकास कार्यों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब राजधानी रांची की सड़कें ही जर्जर अवस्था में हैं, तो ग्रामीण इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

चुनावी वादों को लेकर भी हेमंत सरकार से जवाब मांगा

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपनी विफलताओं का ठीकरा केंद्र सरकार (Central government) पर फोड़ देती है। जल जीवन मिशन (Jal Jeevan Mission) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड इस योजना के क्रियान्वयन में सबसे पिछड़े राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले सात वर्षों में राज्य में एक भी नया उद्योग नहीं लगा, जबकि सरकारी खर्च पर विदेश यात्राएं जरूर की गईं। उद्योग लगाने के नाम पर जनता को केवल आश्वासन मिला है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी वादों को लेकर भी हेमंत सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने के वादे का क्या हुआ? सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अंत में कहा कि झारखंड की वर्तमान स्थिति बेहद भयावह है। राज्य की जनता सरकार के कामकाज से निराश है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी चुनाव में बीजेपी की सरकार बनाने के लिए तैयार है। बीजेपी की ओर से जारी इस चार्जशीट के जरिए पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार के सात वर्षों के कार्यकाल को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि राज्य सरकार विपक्ष के इन आरोपों पर क्या जवाब देती है। इस दौरान आदित्य साहू के अलावे विधायक सीपी सिंह, नवीन जयसवाल, पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, अमर बाउरी, पूर्व विधायक अमित मंडल और प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप मौजूद थे।

Tags - Jharkhand GovernmentCM Hemant SorenSeven Years of Hemant GovernmentBJP ChargesheetAditya SahuJharkhand BJPJMMCongressPolitical News