logo

राहुल गांधी के नाम महिलाओं ने इरफान अंसारी को सौंपा मांग पत्र, राष्ट्रपति करें संसद भवन का उद्घाटन

IRFAN27.jpg

द फॉलोअप डेस्क

प्रधानमंत्री मोदी को चाहिए कि वह बड़ा दिल दिखाएं और देश के नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों  कराएं।  ये बातें जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को कही। दरअसल, जामताड़ा में हजारों की संख्या में महिलाओं ने विधायक डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नाम उन्हें मांग पत्र सौंपा। जिसमें महिलाओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू  के हाथों देश के नए संसद भवन का उद्घाटन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब एक महिला को देश का राष्ट्रपति बनाया गया है तो उन्हें उनका अधिकार एवं हक मिलना चाहिए।

भाजपा आदिवासियों का अपमान करना करे बंद

मौके पर विधायक ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा का हमेशा से यही रवैया रहा है। सिर्फ नाम मात्र के लिए द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बना दिया है। उन्हें सारे हक एवं अधिकार से वंचित रखा गया है। इरफान ने कहा कि हाल के दिनों में हमने देखा की देश के प्रधानमंत्री मोदी साउथ अफ्रीकी दौरे पर गए थे। हमारा मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी को नहीं बल्कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जाना चाहिए था। वहां के लोगों के लिए एक अच्छा संदेश जाता। परंतु भाजपा वाले की यह हमेशा से नीति रही है। विधायक ने कहा कि भाजपा आदिवासियों का अपमान करना बंद करे।

उद्घाटन कार्यक्रम का करेंगे बहिष्कार

मौके पर विधायक ने महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आपकी मांगों को मैं बहुत जल्द राहुल गांधी तक पहुंचाने का काम करूंगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा किअगर पीएम मोदी अपना निर्णय नहीं बदलते हैं तो हम सभी लोग उद्घाटन कार्यक्रम का बहिष्कार करेंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT