logo

झारखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी

weathertoday.jpg

रांची
झारखंड में मानसूनी गतिविधियां अब धीरे-धीरे मजबूत होती दिख रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

इन जिलों में विशेष सतर्कता की जरूरत

दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और धनबाद में कहीं-कहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

23, 24 जून को भी रहेगा असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 जून को भी झारखंड के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। इस दौरान वज्रपात और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। 24 जून को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य क्षेत्रों को छोड़कर अन्य जिलों में बादल छाए रहने, बारिश होने तथा गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।
 

Tags - Jharkhand Weather UpdateMonsoon In JharkhandRain Alert JharkhandThunderstorm WarningRanchi Weather News