logo

सरयू राय के खिलाफ FIR दर्ज कराने वाले मनोज सिंह ने कहा- मेरे खिलाफ व्यक्तिगत आरोप लगा रहे

MANOJSINGH.jpg

द फॉलोअप डेस्क:
जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने वाले मनोज सिंह ने सोमवार को प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने मंत्री पद पर रहते हुए आहार पत्रिका के प्रकाशन में भ्रष्टाचार को लेकर FIR दर्ज कराई, तो सरयू राय ने उनके खिलाफ व्यक्तिगत आरोप लगाए। 

मनोज सिंह ने कहा कि उनका किसी भी राजनीतिक पार्टी या व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है, लेकिन सरयू राय उनके खिलाफ गलत बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी और बाद में उन्होंने RTI के माध्यम से संबंधित विभाग से जानकारी हासिल की। मनोज सिंह ने कहा कि सरयू राय ने उन पर झूठा आरोप लगाया कि वह रांची के किसी गैंगस्टर से जुड़े हुए हैं। जबकि उनके खिलाफ कभी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं हुआ है।

उन्होंने बताया कि आहार पत्रिका का मामला 2021 से चल रहा है। जब सरयू राय मंत्री थे। उन्होंने इस पत्रिका के प्रकाशन का निर्णय लिया था। जो हर महीने PDS डीलरों तक पहुंचाई जानी थी। 2017 में बिना टेंडर के यह काम JPPL लिमिटेड, जमशेदपुर को सौंपा गया। बिना किसी कार्य के इस कंपनी को 1.83 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
मनोज सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि जब यह मामला मीडिया में आया, तो वित्त विभाग को अनुमोदन के लिए लिखा गया और बाद में JPPL का काम कैंसल कर फिर से टेंडर निकाला गया। इसके बाद भी पत्रिका नहीं मिली, तो ऑडियो कॉल के जरिए जागरूकता फैलाने का काम बाबा कंप्यूटर्स को दे दिया गया। उन्होंने कहा कि ये दोनों कंपनियाँ सरयू राय की पत्रिका युगांतर भारती का प्रकाशन करती थीं।

मनोज सिंह ने बताया कि इस मामले में हाईकोर्ट में भी अपील की गई थी और ACB में भी शिकायत दर्ज की गई थी। DSP अरविंद सिंह की  जांच में मामला सही पाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि धुर्वा थाने में लिखित शिकायत दर्ज की गई है और आहार पत्रिका से जुड़े मामले में पहला केस दर्ज हुआ है। उन्होंने सरयू राय पर आरोप लगाते हुए कहा कि राय झूठ बोल रहे हैं कि इस मामले में पहले से 5 केस दर्ज हैं। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि सरयू राय ने अपने करीबी सुनील शंकर  को रिटायरमेंट से पहले कॉन्ट्रैक्ट पर रखा, जो उनकी महिला मित्र के बहनोई हैं।
 

Tags - सरयू राय मनोज सिंह आहार पत्रिका Saryu Rai Manoj Singh Diet Magazine