logo

धनबाद की आउटसोर्सिंग कंपनी पर श्रमिक संघ ने लगाया मजदूरों के शोषण का आरोप

dhan3.jpg

रांची 
झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक अविनाश कुमार को झारखंड विद्युत सप्लाई तकनीकी श्रमिक संघ की ओर से एक मांग पत्र सौंपा गया है। पत्र में संघ के अध्यक्ष भानु कुमार ने धनबाद में कार्यरत आउटसोर्सिंग कंपनी मेसर्स रॉयल इंटरप्राइज पर गंभीर आरोप लगाये हैं। पत्र में लिखा है कि कंपनी द्वारा श्रमिकों का कई तरह से शोषण किया जा रहा है। कंपनी ना तो समय पर वेतन दे रही है ना EPF, ESI के प्रावधानों को पूरा किया जा रहा है। बिना उचित कारण बताये कई बार मजदूरों को वेतन काट लिया जाता है। कार्यस्थल पर भी उनको कई तरह की असुविधा का सामना करना पड़ता है। इन परेशानियों की शिकायत वे कई बार संबंधित अधिकारियों से कर चुके हैं। लेकिन अफसोस कि आजतक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। 

शिकायत करने पर मिलती है धमकी 
इस बाबत शिकायत करने पर कर्मियों को धमकी दी जाती है। जिससे कंपनी में काम करने वाले मजदूर डरे हुए हैं। श्रमिक संघ ने इस तरह की कंपनी को बिजली वितरण निगम लिमिटेड से कार्य मुक्त करने और काली सूची में डालने की मांग की है। संघ ने कहा है कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो झारखंड विद्युत सप्लाई तकनीकी श्रमिक संघ निगम मुख्यालय के सामने आंदोलन करने की चेतावनी देता है। संघ ने कहा है कि इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गयी है। औऱ संबंधित लोगों और आंदोलनकारियों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है।