logo

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरोध में JMM की संकल्प सभा आज, पार्टी करेगी शक्ति प्रदर्शन

JMM_champai.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड मुक्ति मोर्चा आज संकल्प सभा कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरुद्ध और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के विरोध में इस सभा का आयोजन किया गया है। विधानसभा मैदान परिसर में होने वाली संकल्प सभा को मुख्यमंत्री चंपई सोरेन समेत वरीय नेता संबोधित करेंगे। सभा दोपहर 12:00 बजे प्रारंभ होने की आधिकारिक सूचना दी गई है लेकिन व्यावहारिक रूप में सभा विधानसभा में बजट पेश होने के बाद दोपहर 2 बजे प्रारंभ होगी। झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने सोमवार की शाम सभा स्थल का जायजा लिया।


पूरी राजधानी बैनर-पोस्टर से पटी
जानकारी के अनुसार इस सभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास कराएगी। सभा में मुख्यमंत्री चंपई सोरेन समेत पार्टी के लगभग सभी विधायक, सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस संकल्प सभा को लेकर पूरी रांची में जगह-जगह बैनर पोस्टर और बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए गए हैं। उसमें हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग की चर्चा है।

 सबकुछ साफ हो जाएगा

झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि संकल्प सभा के जरिए कार्यकर्ताओं में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का जोश भरा जाएगा। यह अभियान तेज पकड़ेगा। केंद्र सरकार और बीजेपी ने साजिश के तहत हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया। इस साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा। बीजेपी भ्रष्टाचार की नई परिभाषा गढ़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि जो भाजपा से बाहर हैं। वह उनकी नजर में भ्रष्टाचारी है, जिन्होंने बीजेपी के जुल्म के आगे घुटने टेक दिए। उसे ईमानदार कहा जा रहा है। भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे को सभी लोग समझ चुके हैं। यह चुनावी साल है। बहुत जल्द जनादेश आएगा तो सबकुछ साफ हो जाएगा। झारखंड से बीजेपी का सफाया हो जाएगा।