द फॉलोअप डेस्क, रांची:
केंद्र सरकार ने झारखंड सुपीरियर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर के तीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों (पीडीजे) को झारखंड हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया है। इन नियुक्तियों को लेकर केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। नियुक्त किए गए न्यायिक अधिकारियों में गढ़वा के पीडीजे मनोज प्रसाद, साहिबगंज के पीडीजे अखिल कुमार और डालटनगंज के पीडीजे राम शर्मा शामिल हैं। तीनों न्यायिक अधिकारियों के नाम की अनुशंसा कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के तौर पर नियुक्ति के लिए की थी। कॉलेजियम की अनुशंसा के बाद केंद्र सरकार ने नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

हाईकोर्ट में अब 16 न्यायाधीश
इन तीन नियुक्तियों के बाद झारखंड हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। इससे पहले चीफ जस्टिस एमएस सोनक समेत कुल 13 न्यायाधीश कार्यरत थे। झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 25 स्वीकृत पद हैं। यानी नई नियुक्तियों के बाद भी 9 न्यायाधीशों के पद खाली हैं।
