द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड हाईकोर्ट ने वर्ष 2027 के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। हाईकोर्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए कैलेंडर में पूरे साल की छुट्टियों के साथ अदालत के कार्यदिवस, ग्रीष्मावकाश, विशेष कार्यदिवस और हाफ-डे की तारीखें निर्धारित की गई हैं। कैलेंडर के मुताबिक वर्ष 2027 में 52 रविवार होंगे, जबकि अलग-अलग अवसरों पर कुल 73 दिन अवकाश रहेगा। इन छुट्टियों में ग्रीष्मावकाश के अलावा होली, पूजा और शीतकालीन अवकाश भी शामिल हैं। इसके अलावा चार दिनों को हाफ-डे के रूप में निर्धारित किया गया है।
.jpeg)
इन चार दिनों में दोपहर बाद जल्दी खत्म होगा काम
कैलेंडर के अनुसार मकर संक्रांति, रक्षाबंधन, अनंत चतुर्दशी और महालया के दिन हाईकोर्ट में हाफ-डे रहेगा। इन अवसरों पर अदालत का कामकाज दोपहर 2:15 बजे तक और कार्यालय का संचालन दोपहर 2 बजे तक होगा। यानी इन चार मौकों पर हाईकोर्ट में सामान्य कार्यदिवस की तुलना में कामकाज निर्धारित समय से पहले समाप्त हो जाएगा। कैलेंडर में पूरे साल के शनिवार और विशेष कार्यदिवसों का भी उल्लेख किया गया है, ताकि न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों की समय-सारिणी पहले से स्पष्ट रहे।

ईद और मुहर्रम की छुट्टियों की तारीख चांद पर निर्भर
हाईकोर्ट के 2027 कैलेंडर में मुस्लिम पर्वों के लिए भी छुट्टियों का प्रावधान किया गया है। ईद-उल-फितर की छुट्टी 10 मार्च और मुहर्रम की छुट्टी 16 जून निर्धारित की गई है। हालांकि, चांद दिखाई देने के आधार पर इन दोनों छुट्टियों की तारीख में बदलाव किया जा सकता है। वहीं ईस्टर मंडे 29 मार्च और चेहल्लुम 25 जुलाई को प्रतिबंधित अवकाश के तौर पर रखा गया है। ये अवकाश संबंधित ईसाई और मुस्लिम कर्मचारियों के लिए लागू होंगे। इस तरह कैलेंडर में वर्षभर के नियमित अवकाश, कार्यदिवस, शनिवार और विशेष कार्यदिवसों की पूरी व्यवस्था तय कर दी गई है।