द फॉलोअप डेस्क
लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इसके साथ ही पूरे झारखंड में छठ पूजा की रौनक बढ़ गयी है। छठव्रतियों ने सुबह स्नान कर भगवान सूर्य को जल अर्पित किया और पूरी पवित्रता एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ कद्दू-भात का प्रसाद तैयार किया। इसके बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर महापर्व की शुरुआत की। शनिवार को छठ पूजा का दूसरा दिन खरना मनाया जाएगा। इस दिन छठव्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को स्नान के बाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ और दूध से बनी खीर तैयार करेंगे। भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना के बाद खरना का प्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसके बाद प्रसाद का वितरण होगा और छठव्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।

रविवार को अस्ताचलगामी और सोमवार को उदयीमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
महापर्व के तीसरे दिन रविवार को छठव्रती नदी, तालाब और विभिन्न जलाशयों में पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके अगले दिन सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा। इस दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में सूर्यास्त और सूर्योदय के समय में कुछ मिनटों का अंतर रहेगा। उपलब्ध समय सारिणी के अनुसार, 15 नवंबर को सबसे पहले साहिबगंज में शाम 4:51 बजे सूर्यास्त होगा, जबकि 16 नवंबर को सबसे पहले पाकुड़ में सुबह 5:55 बजे सूर्योदय होगा। छठव्रतियों की सुविधा के लिए विभिन्न जिलों में सूर्यास्त और सूर्योदय का समय निर्धारित किया गया है।

झारखंड के जिलों में सूर्यास्त और सूर्योदय का समय इस प्रकार है :
(15 नवंबर) (16 नवंबर)
बोकारो 5:01 बजे 6:01 बजे
चाईबासा 5:03 बजे 6:00 बजे
चतरा 5:04 बजे 6:06 बजे
डाल्टनगंज 5:08 बजे 6:09 बजे
देवघर 4:56 बजे 5:59 बजे
धनबाद 4:59 बजे 5:59 बजे
दुमका 4:55 बजे 5:57 बजे
गढ़वा 5:09 बजे 6:10 बजे
गिरिडीह 4:59 बजे 6:00 बजे
गोड्डा 4:54 बजे 5:58 बजे
गुमला 5:08 बजे 6:06 बजे
हजारीबाग 5:03 बजे 6:04 बजे
जिला सूर्यास्त सूर्योदय
(15 नवंबर) (16 नवंबर)
जमशेदपुर 5:02 बजे 5:59 बजे
जामताड़ा 4:57 बजे 5:58 बजे
खूंटी 5:05 बजे 6:03 बजे
कोडरमा 5:01 बजे 6:04 बजे
लातेहार 5:07 बजे 6:07 बजे
लोहरदगा 5:06 बजे 6:06 बजे
पाकुड़ 4:52 बजे 5:55 बजे
रामगढ़ 5:03 बजे 6:03 बजे
रांची 5:05 बजे 6:03 बजे
साहिबगंज 4:51 बजे 5:57 बजे
सरायकेला 5:02 बजे 6:00 बजे
सिमडेगा 5:08 बजे 6:05 बजे