logo

Anant Singh Notice : अनंत सिंह को फिर मिला विधानसभा का नोटिस, 30 नवंबर तक देना होगा जवाब

अनंत सिंह को फिर मिला विधानसभा का नोटिस, 30 नवंबर तक देना होगा जवाब

द फॉलोअप डेस्क: 

Bihar Assembly Notice: मोकामा (Mokama) के विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। विधानसभा की ओर से उन्हें दूसरी बार नोटिस जारी किया गया है। इस नोटिस में 30 नवंबर तक अपना पक्ष रखने को कहा गया है। विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह ने यह नोटिस भेजा है। दरअसल, जेडीयू की ओर से अनंत सिंह की विधायकी समाप्त करने की मांग की गई थी। इसी मामले में विधानसभा ने 2 अक्टूबर को भी उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा था। अब दूसरी बार नोटिस जारी होने के बाद उनकी विधायकी को लेकर मामला फिर चर्चा में है।

बेटी की शादी के बाद देंगे जवाब

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। परिवार में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि अनंत सिंह शादी के बाद विधानसभा के नोटिस का जवाब देंगे। इससे पहले उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से मुलाकात कर बेटी की शादी का न्योता दिया था। इस दौरान उन्होंने शादी की तैयारियों और व्यस्तता का हवाला देते हुए जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। अब विधानसभा की ओर से उन्हें 30 नवंबर तक अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है।

जेडीयू से निष्कासन के बाद शुरू हुआ विवाद

एमएलसी चुनाव के दौरान जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद देखने को मिला था। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी भी की थी। इसके बाद जेडीयू ने पार्टी विरोधी बयानबाजी के आरोप में अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की थी। वहीं, दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है। ऐसे में बेटी की शादी के बाद उन्हें विधानसभा के नोटिस का जवाब देने के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी पालन करना होगा।
 

Tags - Bihar News Bihar Latest News Anant Singh Notice Anant Singh MLA News Mokama MLA Anant Singh