द फॉलोअप डेस्क:
Tech News: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में तकनीकी खराबी आने से दुनियाभर में कामकाज प्रभावित हुआ। सर्वर में गड़बड़ी के कारण माइक्रोसॉफ्ट-365, आउटलुक, टीम्स और कोपायलट की सेवाएं 12 घंटे से अधिक समय तक बाधित रहीं। ईमेल सेवा ठप होने से सरकारी विभागों, बैंकों, अदालतों, विमानन सेवाओं और उद्योग जगत के कामकाज पर असर पड़ा। कंपनी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास जारी हैं। भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका समेत 74 देशों में इस तकनीकी गड़बड़ी का असर देखने को मिला।

1.40 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज
डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे शुरू हुई तकनीकी समस्या को लेकर 1.40 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इस गड़बड़ी के कारण ट्रेडिंग कंपनियों को सौदों की पुष्टि करने, उद्योगों को वित्तीय नतीजे जारी करने और विमान कंपनियों को यात्रियों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने में परेशानी हुई। जापान और सिंगापुर में सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ। वहीं, फिलीपींस के सुप्रीम कोर्ट की संचार व्यवस्था बाधित रही। ऑस्ट्रेलिया में खुफिया एजेंसी और पुलिस के कामकाज पर भी इसका असर पड़ा।

फैक्स के जरिए सौदों की पुष्टि करनी पड़ी
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बाधित होने के कारण यूरोप के स्टॉक एक्सचेंज ऑपरेटर यूरोनेक्स्ट को शेयर बाजार में हुए सौदों की पुष्टि फैक्स के जरिए करनी पड़ी। डेनमार्क की शिपिंग कंपनी मर्स्क की ईमेल सेवा भी प्रभावित हुई। एआई कंपनियों ओपनएआई और एंथ्रोपिक ने भी कनेक्टर में गड़बड़ी के कारण अपने कामकाज पर असर पड़ने की जानकारी दी। ताइवान में शेयर और बीमा बाजार प्रभावित हुए। वहीं, अमेरिकी ट्रक निर्माता वर्कहॉर्स ग्रुप ने अपने वित्तीय नतीजे जारी करने की तारीख बदल दी।

साइबर हमले का कोई संकेत नहीं
माइक्रोसॉफ्ट में कोपायलट, एजेंट्स और प्लेटफॉर्म के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट चार्ल्स लैमन्ना ने एक्स पोस्ट के जरिए बताया कि समस्या को सुलझाने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तकनीकी गड़बड़ी के पीछे साइबर हमले का कोई संकेत नहीं है। कंपनी सेवाओं को पूरी तरह सामान्य करने और समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रयासरत है।