logo

दिल्ली गये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ट्रेड फेयर में पैवेलियन का करेंगे उद्घाटन

दिल्ली गये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ट्रेड फेयर में पैवेलियन का करेंगे उद्घाटन

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को दिल्ली के लिए रवाना हो गये। नयी दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में वह झारखंड पैवेलियन का उद्घाटन करेंगे। 14 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मुख्यमंत्री शनिवार, 14 नवंबर को झारखंड पैवेलियन का शुभारंभ करने के साथ मुख्य उद्घाटन समारोह में भी शिरकत करेंगे। झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से उद्योग विभाग की ओर से प्रगति मैदान में 800 वर्ग फीट क्षेत्र में आकर्षक पैवेलियन तैयार किया गया है। इसके माध्यम से राज्य की पारंपरिक विरासत और औद्योगिक संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।


800 वर्ग फीट के पैवेलियन में 22 स्टॉल, आठ स्थानीय कारीगरों को भी मिला मौका

झारखंड पैवेलियन में कुल 22 स्टॉल लगाये गये हैं। इनमें उद्योग, खान, वन, खादी बोर्ड, हैंडलूम निदेशालय, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और पर्यटन विभाग की ओर से विभिन्न उत्पादों एवं गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा राज्य के करीब आठ स्थानीय कारीगरों को भी अपने हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित करने और उनकी बिक्री करने का अवसर दिया गया है। कारीगरों के स्टॉल पर प्रदर्शनी के साथ बिक्री केंद्र की भी व्यवस्था की गयी है, जिससे देशभर से आने वाले खरीदार झारखंड के स्थानीय उत्पादों को सीधे खरीद सकेंगे। वहीं, झारखंड खादी बोर्ड की ओर से दिल्ली भेजे गये दो टन जैविक शहद को भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया है। पिछले साल व्यापार मेले में झारखंड के शहद को अच्छी मांग मिली थी। इसी उत्साह को देखते हुए इस बार इसकी आपूर्ति बढ़ाकर दो टन की गयी है।


झारखंड के उत्पादों को मिलेगा व्यापक बाजार, शनिवार या रविवार को लौट सकते हैं मुख्यमंत्री

इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में झारखंड की भागीदारी को राज्य के स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों के लिए बाजार विस्तार के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। पैवेलियन के माध्यम से झारखंड के पारंपरिक उत्पादों, जैविक शहद, हस्तशिल्प और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इससे स्थानीय उत्पादों की बिक्री बढ़ने के साथ उन्हें नये खरीदार और बाजार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली दौरे को लेकर बताया गया है कि वह शनिवार या रविवार को रांची वापस लौट सकते हैं। हालांकि, उनकी वापसी का निश्चित कार्यक्रम और समय फिलहाल साझा नहीं किया गया है।
 

Tags - Hemant Soren Jharkhand News India International Trade Fair Delhi News Jharkhand Pavilion