logo

हेमंत कैबिनेट का विस्तार आज, नये चेहरों को मंत्रिमंडल में मिल सकती है जगह

पगसग3.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने के बाद हेमंत कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। दोपहर साढ़े तीन बजे राजभवन में मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। माना जा रहा है कि इसबार हेमंत सोरेन 11 मंत्रियों की पूरी टीम के साथ आ सकते है। राजभवन के बिरसा मंडप में दोपहर बाद 3 बजकर 30 मिनट पर मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। इस बाबत भी रविवार को हुई सत्ताधारी दलों की बैठक में चर्चा की गई। 


कुछ नए चेहरे हो सकते हैं शामिल
पिछली चंपाई सोरेन सरकार के कैबिनेट से इस बार फेरदबदल हो सकता है। मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन के बाद विधायक बैद्यनाथ राम की झामुमो से कैबिनेट में इंट्री होगी, वहीं कांग्रेस से डॉ इरफान अंसारी शामिल होंगे। कांग्रेस से दो पूर्व मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव और बादल हटे तो दीपिका पांडेय सिंह और रामचंद्र सिंह मंत्रिमंडल में नए चेहरे हो सकेंगे। राजद के एक मात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता की भी मंत्रिपरिषद में जगह तय है।


बैद्यनाथ राम भी हो सकते हैं कैबिनेट में शामिल 
झामुमो कोटे से दीपक बिरुआ, मिथिलेश ठाकुर, बेबी देवी, हफीजुल हसन, बसंत सोरेन का मंत्री बनना तय है। चंपाई कैबिनेट में विधायक बैद्यनाथ राम को भी मंत्री बनाने के लिए वारंट जारी हुआ था, लेकिन अंतिम समय में उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया था। ऐसे में हेमंत सोरेन सरकार बचे समय के लिए 12वें मंत्री के रूप में उन्हें कैबिनेट में शामिल कर सकती है। अनुसूचित जाति कोटे से कोई मंत्री सरकार में नहीं रहे हैं। वहीं, कांग्रेस से बन्ना गुप्ता और डॉ इरफान अंसारी मंत्री बनने जा रहे हैं।
पांच महीने पहले गिरफ्तार हुए थे हेमंत सोरेन
पांच माह पूर्व ईडी की कार्रवाई के बाद हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया था। विपरीत परिस्थितियों में उन्हें पद छोड़ना पड़ा था। इस दौरान 28 जून को उच्च न्यायालय से उनकी जमानत याचिका स्वीकृत हुई। जस्टिस आर मुखोपाध्याय की एकल खंडपीठ ने जमानत याचिका मंजूर करते हुए ईडी की कार्रवाई को कटघरे में खड़ा किया। आदेश में उल्लेख है कि ईडी के पास हेमंत सोरेन के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य नहीं हैं। हेमंत सोरेन उसी दिन जेल से बाहर आए। उन्होंने अपने ऊपर हुई कार्रवाई को राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा बताया। ऐसे में विधानसभा में अपने संबोधन में वे भाजपा के खिलाफ मोर्चाबंदी करेंगे। वे लगातार आक्रामक रवैया अख्तियार किए हुए हैं।