logo

गढ़वा में नीलगाय से टकराकर अनियंत्रित हुई बाइक, एक युवक की मौत और दो घायल

गढ़वा में नीलगाय से टकराकर अनियंत्रित हुई बाइक, एक युवक की मौत और दो  घायल

गढ़वा: 
गढ़वा जिले के मझिआंव में सड़क पार कर रही नीलगाय की चपेट में आने से बाइक सवार तीन लोग दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गढ़वा रेफर किया गया है।

सड़क पार कर रही नीलगाय से टकराई बाइक
घटना बरडीहा थाना क्षेत्र के बभनी गांव के समीप की है, जहां सड़क पार कर रही नीलगाय अचानक बाइक के सामने आ गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे और वे मझिआंव बाजार से सामान खरीदकर कौवाखोह लौट रहे थे। इसी दौरान नीलगाय से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

हादसे में एक युवक की मौत
हादसे में पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के निमतर गांव निवासी 35 वर्षीय गुड्डू रजवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कौवाखोह गांव निवासी 24 वर्षीय सुनील रजवार और 22 वर्षीय सचिन रजवार घायल हो गए। दोनों को मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गढ़वा रेफर किया गया है।

मां के दशगात्र कार्यक्रम के लिए खरीदारी करने गए थे
बताया गया कि गुड्डू रजवार अपनी ससुराल कौवाखोह आए हुए थे। उनकी मां के निधन के बाद शनिवार को दशगात्र कार्यक्रम होना था। इसी कार्यक्रम के लिए तीनों मझिआंव बाजार से सामान खरीदकर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बरडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया है।

Tags - Garhwa Majhiaon Road Accident Nilgai Jharkhand News