गढ़वा:
Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले (Garhwa District) में नीलगायों का आतंक किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। खेतों में तैयार फसलों को नीलगायें चट कर जा रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि किसान अब अपनी पुश्तैनी खेती छोड़कर पलायन करने को मजबूर हैं। गढ़वा जिले के कांडी, मेराल, मझिआंव, बरडीहा, रमना, विशुनपुरा समेत दर्जनों प्रखंडों में नीलगायों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि किसान अपनी फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं।

खेती-किसानी बनी घाटे का सौदा
किसानों का कहना है कि नीलगायों ने उनकी मेहनत और लागत दोनों पर पानी फेर दिया है। खेती करना अब घाटे का सौदा साबित हो रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वहीं, कृषि विभाग का कहना है कि शिकायतें मिल रही हैं और जल्द ही इस समस्या के समाधान के लिए पहल की जाएगी।

जिला कृषि पदाधिकारी ने क्या कहा!
इस गंभीर समस्या पर जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान का कहना है कि नीलगायों से फसलों को नुकसान पहुंचने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। उन्होंने किसानों से खेती नहीं छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि नीलगायों को खेतों से भगाने के कई तरीके और तकनीक उपलब्ध हैं, जिन्हें अपनाकर किसान फसलों को बचा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नीलगायों का मामला वन विभाग से जुड़ा है। इस संबंध में वन विभाग से बात कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।