logo

बाबा नगरी में भाजपा का जिला कार्यालय राष्ट्रवाद के प्रचार प्रसार का बनेगा केंद्र- दीपक प्रकाश

DEEPAK7.jpg

द फॉलोअप डेस्क

देवघर झारखंड की सांस्कृतिक आध्यात्मिक राजधानी है। यह बाबा बैजनाथ की नगरी है। यह देश के कई मूर्धन्य सिद्ध संतों, महापुरुषों की भूमि है। ऐसे पावन पवित्र धरती पर भाजपा का जिला कार्यालय राष्ट्रवाद के प्रचार प्रसार का केंद्र बनेगा। ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने देवघर में 5 मई शुक्रवार को देवघर के चितौड़िया रोड स्थित थारी दुलमपुर माया पहाड़ के समीप भाजपा के जिला कार्यालय का भूमि पूजन सह शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कही। इस उन्होंने कहा कि भाजपा ने विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव अपने राष्ट्रवादी और अंत्योदय आधारित विचारों, कार्यक्रमों के माध्यम से प्राप्त किया है। और इसे मूर्त रूप देने, धरातल पर उतारने में पार्टी के असंख्य कार्यकर्ताओं का त्याग, बलिदान और समर्पण शामिल है।

कार्यालय देश भर के कार्यकर्ताओं का बनेगा केंद्र बिंदु

प्रकाश ने कहा कि कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए सुविधा संपन्न कार्यालय आज की आवश्यकता है। इसलिए पार्टी ने सभी जिलों में अपना कार्यालय बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के 27 सांगठनिक जिलों में से 11 जिलों में नवनिर्मित अपना कार्यालय कार्य करने लग गया है जबकि देवघर सहित 8 जिलों में निर्माण कार्य प्रगति पर है।  प्रकाश ने कहा कि कार्यालय में कामकाज की आवश्यक सुविधाओं के साथ जिलाध्यक्ष एवं जिला पदाधिकारियों के बैठने की व्यवस्था, सभा कक्ष एवं अतिथियों के लिए आवास की सुविधा भी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि देवघर जिला कार्यालय देश भर के कार्यकर्ताओं का केंद्र बिंदु बनेगा। यहां के कार्यकर्ताओं को देशभर से आनेवाले कार्यकर्ताओं की सेवा का अवसर मिलेगा।

कार्यालय की गतिविधियां कार्यकर्ताओं के लिए बनती है प्रेरणा- कर्मवीर सिंह

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि सांगठनिक विस्तार, कार्यकर्ताओं के विकास में विचारों, कार्यक्रमों की तरह कार्यालय का भी महत्व है। कहा कि कार्यालय की गतिविधियां बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा बनती है। उन्होंने कहा कि देवघर का जिला कार्यालय संथाल परगना क्षेत्र के कार्यकर्ता निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वर्षों की तपस्या और स्वप्न साकार हो रहा है साकार

कार्यक्रम में देवघर जिलाध्यक्ष एवं विधायक नारायण दास ने कहा कि आज वर्षों की तपस्या और स्वप्न साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि बाबा बैजनाथ की असीम कृपा से मुझे पार्टी कार्यालय के भूमि पूजन का अवसर मिला। उन्होंने पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि देवघर के कार्यकर्ताओं के सहयोग से जिला कार्यालय संगठन की सभी अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। इस दौरान उन्होंने अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश,संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मंत्री लुईस मरांडी, विधायक रणधीर सिंह ने भी संबोधित किया।

बाबा बैजनाथ मंदिर में की पूजा

भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के लिए देवघर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा,प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका ,जिलाध्यक्ष एवम विधायक नारायण दास सहित अन्य ने आज बुद्ध पूर्णिमा के शुभ अवसर पर बाबा मंदिर में पूजा अर्चना की एवं राज्य की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं भूमि पूजन के यजमान जिलाध्यक्ष एवं देवघर के विधायक नारायण दास ने की। संचालन जिला महामंत्री पंकज भदौरिया ने और धन्यवाद ज्ञापन अधीर चंद्र भैया ने किया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT