logo

झारखंड सरकार को आर्थिक रूप से कमजोर करना चाहती है केंद्र: उज्जवल तिवारी

झारखंड सरकार को आर्थिक रूप से कमजोर करना चाहती है केंद्र: उज्जवल तिवारी

द फॉलोअप, गुमला: 

केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए MMDR कानून और राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है। इसी क्रम में झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल तिवारी और मीडिया प्रभारी राजीव नारायण प्रसाद ने गुमला में एक संवाददाता सम्मलेन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार नहीं चाहती है कि झारखंड में सही तरीके से सरकार चले। MMDR कानून को लाकर राज्य सरकार को आर्थिक रूप से कमजोर करना चाह रही है। लेकिन केंद्र सरकार को यह पता नहीं है कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पूरी तरह से इस कानून के खिलाफ आवाज़ बुलंद करते रहेगी।

केवल धुआं और बीमारी मिलेगी तो इसका विरोध होना स्वाभाविक

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही इस बिल का विरोध कर रही है, विरोध करने का मुख्य कारण यह है कि झारखंड में 40% खनिज संपदा होने के बाद भी यहां के लोगों को अगर उसका लाभ नहीं मिलेगा। केवल धुआं और बीमारी मिलेगी तो इसका विरोध होना स्वाभाविक है। यह केवल कांग्रेस का विरोध नहीं है बल्कि झारखंड के आम जनता का विरोध है। क्योंकि जनता को पता है कि इस बिल के आने से आम जनता को पूरी तरह से नुकसान होगा। केंद्र सरकार नहीं चाहती है कि झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार आम गरीबों का सही रूप से विकास करें। गरीबों को उस मुकाम पर पहुंचने का काम करें जहां से उनका जीवन बेहतर हो सके। इस कानून को लाकर केंद्र सरकार खनिज संपदाओं पर मिलने वाले राजस्व को पूरी तरह से राज्यों के हाथों से छीनना चाहती है। जो निश्चित रूप से इस बात की ओर इशारा करता है कि केंद्र की सरकार पूरी तरह से तानाशाह होकर काम करना चाहती है, कांग्रेस इसे कभी नहीं बर्दाश्त करेगी।

भगवान राम के नाम पर धोखा

प्रवक्ता उज्जवल तिवारी ने बताया कि इन तमाम मुद्दों को लेकर आगामी 26 सितम्बर को कांग्रेस द्वारा लोक भवन का घेराव किया जायेगा। जिसमें हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होकर इस बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में हुए चंदा चोरी में भी मोदी सरकार के चहेते लोग शामिल थे। जिन्हें बचाने के लिए पूरी केंद्र सरकार लगी हुई है, जबकि यह पूरी तरह से भगवान राम के नाम पर धोखा देने वाली बात है। केंद्र सरकार पूरी तरह से आम लोगों के खिलाफ उनके हितों को अवहेलना करती जा रही है। जो निश्चित रूप से इस बात की ओर इशारा करती है कि गरीबों की सरकार होने का दावा के बीच कथनी और करनी में बहुत बड़ा अंतर है। यही कारण है लोग केंद्र सरकार के विरोध में सड़कों पर आने को मजबूर हो रहे हैं। इन्हीं सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस के द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन की जा रही है।

Tags - Jharkhand government jharkhand congress mmdr act hemant soren