logo

हज यात्रियों की रांची से कनेक्टिंग फ्लाइट नहीं होने पर आम जनता हेल्पलाइन ने कहा- करेंगे PIL दर्ज

HAJJ.jpg

द फॉलोअप डेस्क   

झारखंड के लगभग 2800 हज यात्री आज ख़ुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। केंद्रीय हज कमेटी ने झारखंड के हाजियों के साथ धोखधड़ी किया है। झारखंड राज्य हज समिति अपनी उदासीन और गैर जिम्मेदाराना रवैया को छोड़कर झारखंड के हाजियों के लिए रांची से कोलकाता कनेक्टिंग फ्लाइट की व्यवस्था कराएं। ये मांग आम जनता हेल्पलाइन ने 18 मई गुरुवार बैठक कर की है। उन्होंन कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर केंद्रिय हज कमेटी और झारखंड राज्य हज कमेटी के खिलाफ आम जनता हेल्पलाइन झारखंड उच्च न्यायालय में पीआईएल दर्ज करेगी। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि हज यात्रियों की सुविधा और यात्रा को लेकर अपनी जिम्मेवारी निभाने में राज्य हज समिति पूरी तरह से असफल रही है। वहीं, उन्होंने कहा कि राज्य हज समिति के चेयरमैन डॉ इरफ़ान अंसारी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्हें राज्य से हज पर जाने वाले हज यात्रियों की तनिक भी चिंता नहीं है। वह सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटी चमकाने के लिए लोक-लुभावन बयानबाज़ी में ज्यादा समय देते हैं। उन्होंने इस बाबत कभी भी केंद्रीय हज कमेटी और केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय से संपर्क करने का काम नहीं किया।

झारखंड के हज यात्रियों का मानसिक व आर्थिक प्रताड़ना बर्दास्त नहीं

इस दौरान वक्ताओं ने बताया कि केंद्रीय हज कमेटी 7 माह पहले आजमीन-ए-हज से हज फार्म भरवाया। जिसमें रांची से जेद्दा या रांची से मदीना डायरेक्ट फ्लाइट की बात की गई थी। लेकिन, हज यात्रा शुरू होने से 15 दिन पहले ही अचानक यह घोषणा कर दिया गया कि अब झारखंड के हज यात्री कोलकाता से हज के लिए सऊदी अरब जाएंगे। उन्होंने कहा कि अंतिम समय में अचानक इस तरह के तुगलकी फरमान से दूर-दराज के हज यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इसके साथ ही हज यात्रियों की ऊपर 6643 रूपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया गया है। इसके अलावा यह भी कहा गया कि रांची से कोलकाता जाने के लिए आजमीन-ए-हज को अपनी खर्च से जाना होगा। उन्होंने बताया कि हज में जाने वाले यात्री अधिकतर उम्रदराज़ पुरुष-महिला होते हैं। वहीं, उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के हज यात्रियों के लिए केंद्रीय हज कमेटी का यह अनैतिक फरमान आर्थिक व मानसिक प्रताड़ना से कम नहीं। इस दौरान उन्होंने केंद्रिय हज कमेटी और झारखंड राज्य हज कमेटी से मांग करते हुए कहा कि जल्द ही झारखंड के हज यात्रियों के लिए इम्बार्केशन पॉइंट रांची किया जाए। या फिर रांची से कोलकाता कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा दी जाए। साथ ही रांची हावड़ा ट्रेन में स्पेशल एसी बोगी हाजियों के लिए व्यवस्था की जाए। यदि मांग पूरी नहीं होने पर आम जनता हेल्पलाइन केंद्रीय हज कमेटी और झारखंड राज्य हज कमेटी के खिलाफ कोर्ट में जनहित याचिका दायर करेगी। मौके पर एजाज गद्दी, रमज़ान कुरैशीनेहाल अहमद, हाजी फ़िरोज़ जिलानी, मो. हैदर, अंजुमन इस्लामिया रांची के महासचिव तारिक़ हुसैन व हाजी जसीम मुख्य रूप से मौजूद थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT