logo

मुख्यमंत्री ने धनबाद जिले के एसपी को बना रखा है अपना वसूली एजेंट : बाबूलाल मरांडी 

BABULAL_SELF.jpg

धनबाद 

झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि धनबाद सहित  पूरे झारखंड में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। भ्रष्टाचार चरम पर है। धनबाद में एसपी हैं। सबका प्रमोशन हो गया परंतु वसूली करने के लिए इनका प्रमोशन नहीं हुआ। हेमंत सोरेन ने धनबाद जिले के एसपी को अपना वसूली एजेंट बना रखा है। पलामू में पदस्थापन के दौरान इनके एक कारनामे से हमने पत्र लिखकर सरकार को अवगत कराया। परंतु सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ा। मरांडी मंगलवार को संकल्प यात्रा के तहत निरसा विधानसभा में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मरांडी ने कहा कि सरकार का काम होता है कानून व्यवस्था ठीक कराना। लेकिन आज झारखंड में क्या हो रहा है किसी से छुपा नहीं है। यहां प्रत्येक दिन चोरी, डकैती, लूट, अपहरण, हत्या यहां तक कि बहू-बेटियों की इज्जत भी सुरक्षित नही है। आखिर यह स्थिति क्यों पैदा हुई।

भाजपा की सरकार में अपराधी खौफ खाते थे

जब झारखंड में भाजपा की सरकार होती है तो अपराधी ख़ौफ़ खाते हैं झारखंड से भाग खड़े होते हैं। लेकिन जब राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनती है तो अपराधी बेख़ौफ़ होकर अपराध करते हैं आखिर पुलिस करती क्या है? पुलिस का काम है चोरों को पकड़ना, अपराधियों को पकड़ना, उनको जेल में डालना। उनको सजा दिलाना। लेकिन हेमंत सोरेन ने पुलिस को वसूली में लगा रखा है। चाहे कोयला की वसूली हो, नदी से बालू की वसूली हो। घर बनाने के लिए बालू पर भी लोगों को आफत है। हमलोगों ने सरकार से कहा कि आप ऑक्शन कर दीजिए या झारखंड के अंदर इसे फ्री कर दीजिए। और बॉर्डर पर चेक पोस्ट लगा दीजिए। ताकि कोई बंगाल, यूपी, बिहार राज्य में बालू ना ले जा सके। सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंगा। बॉर्डर पूरा खुला हुआ है। कोयला, बालू की तस्करी बेरोकटोक जारी है। वहीं दूसरी ओर कोई घर के लिए साइकिल से भी बालू ले जाता है तो परेशान किया जाता है। 

छह माह में 23 कारोबारियों की हत्या

मरांडी ने कहा कि दो दिन पूर्व मीडिया में आया कि 6 महीनों में 23 कारोबारियों को हत्या हुई है। इसमें 9 लोगों ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से गुहार लगाई थी। अगर सुरक्षा उपलब्ध करा दी जाती तो शायद वे बच जाते। आखिर इनकी हत्या का जिम्मेवार कौन हैं? ऐसे सारे मामले की जांच सीबीआई से कराकर दोषी पर सजा मिले। मरांडी ने कहा कि बीजेपी के हाथों ही झारखंड का विकास संभव है। देश के अंदर जिन लोगों ने वर्षों तक लूटा है, मोदी जी के नेतृत्व में उन लुटेरों, दलालों को पकड़ा जा रहा है। परिवार और पैसे की राजनीति करने वाले मोदी को रोकने के लिए एक हो रहे हैं। देश की चिंता करने वाले, किसानों, गरीबों, महिलाओं की चिंता करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हम सबों को भी खड़ा होना होगा।