logo

गढ़वा में तालाब से मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

गढ़वा में तालाब से मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

गढ़वा: 
Gahrwa News:
झारखंड के गढ़वा में छठ महापर्व के बीच एक युवक की मौत से इलाके में मातम पसरा है। शुक्रवार को बाइक पर घर से ले जाए गए युवक का शव शनिवार सुबह तालाब से बरामद किया गया। मृतक की पहचान शहर के सोनपुरवा वार्ड नंबर-3 निवासी जितेंद्र कुमार राम के रूप में हुई है। युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बाइक पर बैठाकर घर से ले गया था भोला राम
जानकारी के अनुसार, सोनपुरवा निवासी मुन्नी राम के पुत्र जितेंद्र कुमार राम को शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे भोला राम अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर घर से कहीं ले गया था। इसके बाद जितेंद्र वापस घर नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, इसी बीच शनिवार सुबह उसके शव मिलने की सूचना सामने आई।

गोपीनाथ महाविद्यालय के पास तालाब में मिला शव
शनिवार सुबह करीब 9 बजे गोपीनाथ महाविद्यालय, सुखबाना के समीप स्थित तालाब में जितेंद्र का शव मिलने की जानकारी मिली। शव बरामद होने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मौत के पीछे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया सुरेंद्र यादव ने प्रशासन को मामले से अवगत कराया। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी लेने की बात कही। वहीं, सोनपुरवा वार्ड नंबर-3 की रेणु देवी ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।

Tags - Garhwa NewsJharkhand NewsCrime NewsGarhwa CrimeChhath Puja