logo

156 करोड़ रुपये में हाईस्कूल में अपग्रेड होंगे झारखंड के 140 मिडिल स्कूल

middle_school_jharkhand.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के 140 मीडिल स्कूल को हार्ईस्कूल में अपग्रेड किया जाएगा। इसे लेकर झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर आदेश जारी कर दिया गया है। इन स्कूलों के हाई स्कूल बन जाने के बाद छात्रों को दूर-दराज से नौवी-दसवीं की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना होगा। बताया जा रहा है कि सभी जिलों से अनुशंसा करने के बाद विभाग ने हाईस्कूल में अपग्रेड करने पर मंजूरी दी है। 156 करोड़ की लागत ने इन स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा।


अपग्रेडशन के बाद स्कूलों में 2992 पद किये जायेंगे सृजित 
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार,  झारखंड के जिन 140 मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में अपग्रेड किया जायेगा, उसमें बोकारो के 11, चतरा के 8, देवघर के 1, धनबाद के 7, दुमका के 3, गढ़वा के 15, गिरिडीह के 25, गोड्डा के 2, गुमला के 1, हजारीबाग के 12, जामताड़ा के 1, खूंटी के 3, कोडरमा के 3, लातेहार के 5, पाकुड़ के 1, पलामू के 9, पश्चिमी सिंहभूम के 9, पूर्वी सिंहभूम के 5, रांची के 8, साहिबगंज के 3, सरायकेला-खरसावां के 4 और सिमडेगा 4 स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों के अपग्रेडशन के बाद हर स्कूल में 1 प्रधानाध्यापक, 8 स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक, 1 लिपिक और 1 आदेशपाल का पद भी सृजित होगा। 140 अपग्रेडेड स्कूलों में 2992 पद सृजित किये जायेंगे। आदेशपाल के पद पर श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा निर्धारित पारिश्रमिक के आधार पर आउट सोर्सिंग से बहाल किया जायेगा।

एक स्कूल पर खर्च होंगे 1 करोड़ 11 लाख
विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार एक स्कूल को अपग्रेड करने में 1,11,63,500 (एक करोड़ ग्यारह लाख तिरेसठ हजार पांच सौ) रुपये खर्च होगा। वहीं 140 स्कूलों को अपग्रेड करने में करीब 156 करोड़ लगेंगे।विभाग ने गिरिडीह जिले में सबसे अधिक 25 स्कूलों को अपग्रेड करने की मंजूरी दी है। वहीं देवघर, गुमला, जामताड़ा और पाकुड जिले में सबसे कम एक-एक स्कूल को अपग्रेड करने की स्वीकृति दी गयी है। स्कूलों के अपग्रेड हो जाने के बाद इसका सबसे ज्यादा फायदा छात्राओं को मिलेगा। दरअसल,स्कूल दूर होने के कारण लड़कियों को अपनी पढ़ाई छोड़ने पड़ती है। वहीं कई को घर छोड़ कर दूर जाना पड़ता है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें :  https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86