द फॉलोअप डेस्क:
Voter List Controversy: उधवा (Udhwa) प्रखंड के पश्चिमी प्राणपुर पंचायत (West Pranpur Panchayat) के भाग संख्या 255 की मतदाता सूची (voter list) में एक व्यक्ति के नाम को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाते हुए प्रशासन से जांच की मांग की है। इस संबंध में सहायक निर्वाचक पदाधिकारी सह बीडीओ, उधवा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच कराने का आग्रह किया गया है। शिकायत में ग्रामीणों ने तामिजुद्दीन, पिता मकबूल अली का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में मकान संख्या 325 और क्रम संख्या 694 पर दर्ज होने का उल्लेख किया है। आवेदन के अनुसार, इसी परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी मतदाता सूची में अलग-अलग क्रमांक पर दर्ज हैं। शिकायतकर्ताओं ने दावा किया है कि संबंधित व्यक्ति के पास मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड समेत विभिन्न दस्तावेज मौजूद हैं।
झारखण्ड की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

यह भी पढ़ें: Gumla wild elephant : गुमला में हाथियों से बढ़ा खतरा, DFO ने दी लोगों को खास सलाह
दस्तावेजों की जांच पर जोर
ग्रामीणों ने संबंधित व्यक्ति की नागरिकता और मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की प्रक्रिया की जांच की मांग की है। शिकायत में उसके बांग्लादेशी नागरिक होने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दस्तावेजों और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा यदि जांच में कोई अनियमितता सामने आती है, तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की प्रतिलिपि उपायुक्त साहिबगंज, पुलिस अधीक्षक साहिबगंज, राज्य निर्वाचन पदाधिकारी, रांची और अनुमंडल पदाधिकारी, राजमहल को भी भेजे जाने की बात कही गई है।