जामताड़ा:
JAMTARA NEWS: बढ़ती उम्र, कमजोर शरीर और काम करने में असमर्थता के बीच जामताड़ा के एक बुजुर्ग दंपति के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए यह दंपति पिछले करीब 20 वर्षों से भटक रहा है, लेकिन अब तक इन्हें राशन और वृद्धावस्था पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। मामला फतेहपुर प्रखंड की असनबेरिया पंचायत के धसुनिया गांव का है, जहां शनिवार राय और उनकी पत्नी बिमला देवी बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार रहे हैं।

20 साल पहले डीलर के पास गुम हुआ राशन कार्ड, अब तक नहीं बना नया
जानकारी के अनुसार, शनिवार राय और बिमला देवी घटवाल समाज से आते हैं। दंपति का कहना है कि करीब 20 साल पहले उनका राशन कार्ड डीलर के पास ही गुम हो गया था। इसके बाद उन्होंने नया राशन कार्ड बनवाने के लिए कई बार प्रयास किया। पंचायत से लेकर प्रखंड कार्यालय तक चक्कर लगाए, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें सरकारी अनाज का लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं, वृद्धावस्था पेंशन भी अब तक शुरू नहीं हो सकी है।

जर्जर झोपड़ी में गुजर रही जिंदगी, नाती के भरोसे बुजुर्ग दंपति
वर्तमान में बुजुर्ग दंपति एक जर्जर झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं। उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। दंपति के अनुसार, उनके पास आधार कार्ड और वोटर कार्ड जैसे जरूरी पहचान पत्र मौजूद हैं, इसके बावजूद उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। मामले को लेकर उनके नाती लालजी राय ने बताया कि उन्होंने भी अपने नाना-नानी को राशन और पेंशन दिलाने के लिए कई बार कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वह खुद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अपनी सीमित कमाई में से कुछ पैसे निकालकर नाना-नानी की मदद करते हैं, ताकि उनका किसी तरह गुजारा हो सके। दुखद स्थिति यह है कि उनके नाती को भी राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जिला प्रशासन से मदद की गुहार
करीब दो दशक से सरकारी सुविधाओं के इंतजार में बैठे इस बुजुर्ग दंपति की स्थिति बेहद चिंताजनक है। बढ़ती उम्र के कारण अब उनके लिए मेहनत-मजदूरी करना भी संभव नहीं है। ऐसे में राशन और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव उनकी मुश्किलें और बढ़ा रहा है। पीड़ित दंपति और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन और झारखंड सरकार से मामले में जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने बुजुर्ग दंपति का नया राशन कार्ड बनवाने, वृद्धावस्था पेंशन शुरू कराने और मानवीय आधार पर तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।