logo

IPL 2024 : मुंबई इंडियंस का खाता खुला, हार्दिक की कप्तानी में मिली पहली जीत; DC को 29 रन से हराया

a757.jpeg

द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:

इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रन से हरा दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट पर 234 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन ही बना सकी। मुंबई के लिए गेराल्ड कोर्टजी ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए ट्रिस्टन स्टब्स महज 25 गेंद में 7 छक्के और 3 चौकों की मदद से नाबाद 71 रन बनाए लेकिन आखिरी ओवरों में साथी बल्लेबाजों के जल्दी-जल्दी विकेट गंवाने से वह दिल्ली को लक्ष्य के करीब नहीं ला सके। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने किफायती गेंदबाजी की और निर्धारित 4 ओवर में महज 22 रन देकर 2 प्रमुख बल्लेबाजों को आउट किया। 

पहले 3 मुकाबले गंवा चुकी है मुंबई इंडियंस
बता दें कि इस सीजन शुरुआती 3 मुकाबले गंवा चुकी मुंबई इंडियंस पर वापसी का दबाव था। नए कप्तान हार्दिक पांड्या के सामने भी बड़ी चुनौती थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा और इशान किशन ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। रोहित ने 27 गेंदों में 49 और ईशान किशन ने 23 गेंदों में 42 रन बनाए। चोट से वापसी कर रहे सूर्यकुमार यादव महज 2 गेंद ही खेल सके और शून्य पर आउट हो गये। कप्तान हार्दिक पांड्या ने 33 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। उनकी 118 की स्ट्राइक रेट पर फिर चर्चा हो सकती है। आखइरी में टिम डेविड ने महज 21 गेंदों में 45 और रोमारियो शेफर्ड ने महज 10 गेंदों में 39 रन ठोक दिए। ये रोमारियो शेफर्ड की आतिशी बल्लेबाजी का ही नतीजा था कि मुंबई 234 रन तक पहुंचने में सफल रही। शेफर्ड की पारी ने बड़ा अंतर पैदा किया। 

दिल्ली कैपिटल्स ने काफी धीमी शुरुआत की
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने काफी धीमी शुरुआत की। पहले 3 ओवर में दिल्ली ने महज 16 रन जोड़े। धीरे-धीरे आस्किंग रन रेट बढ़ता गया और दिल्ली के बल्लेबाज बड़ा शॉट लगाने के दबाव में विकेट गंवाते रहे। पृथ्वी शॉ ने जरूर प्रभावित किया जिन्होंने 40 गेंदों में 3 छक्के और 8 चौकों की मदद से 66 रन बनाए। डेविड वॉर्नर महज 19 रन बना सके। अभिषेक पोरेल ने जरूर 41 रन बनाए लेकिन 132.25 का स्ट्राइक रेट उनकी टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी था। इसके बाद अक्षर पटेल, कुमार कुशाग्र और कप्तान पंत प्रभावी बल्लेबाजी नहीं कर सके और टीम 29 रन से पीछे रह गई। 

Tags - MIvsDCIPL 2024Mumbai IndiansDelhi CapitalsSports News