logo

झारखंड में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के लिए इन परियोजनाओं पर काम शुरू

झारखंड में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के लिए इन परियोजनाओं पर काम शुरू

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Jharkhand News: झारखंड में नागरिकों का आवागमन सुगम बनाने के उद्देश्य से कई नई परियोजनाओं को अमली-जामा पहनाया जा रहा है। बोकारो में दामोदर नदी (High level Bridge on Damodar River)  पर 337 मीटर लंबा हाईलेवल पुल बनेगा तो वहीं सिंगारी जोड़िया पर करीब 5 किमी लंबा 2 एक्वाडक्ट बनेगा। गिरिडीह (Giridih) में सड़कों के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और पुनर्निमाण की कई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। पलामू के नौडीहा बाजार में 3.14 किमी लंबा बाइपास बनाने की तैयारी है। रांची में अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़ सड़क का अधूरा काम पूरा होगा।

करमोली-ओरमांझी पथ से बरियातू फायरिंग रेंज तक नई सड़क बनाने और एलपीएन शाहदेव चौक से बूटी मोड़ तक सड़क की ऊपरी सतह का नवीनीकरण होगा। फिलहाल, इन सभी परियोजनाओं की तकनीकी तैयारी और अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। 

दामोदर नदी पर पुल के लिए बनेगा DPR
बोकारो में दामोदर नदी पर हाईलेवल पुल बनाने के लिए पथ निर्माण विभाग ने डीपीआर बनाना शुरू कर दिया है। प्रस्तावित पुल की लंबाई 337 मीटर होगी। पुल केसाथ पहुंच पथ के निर्माण की भी योजना है। इस पुल के बनने से दांटू-कथारा सड़क पर आववागमन को बेहतर बनाया जा सकेगा। इस पुल के लिए पथ निर्माण विभाग के मृदा अन्वेषण प्रमंडल, अग्रिम योजना, रांची ने डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी किया है। इस डीपीआर में पहुंच पथ, भूमि अधिग्रहण और जमीन के स्वामित्व से संबंधित विवरण शामिल किए जाएंगे। इस डीपीआर में पुनर्वास और पुनर्स्थापन, वन भूमि हस्तांतरण और उपयोगिता सेवाओं की शिफ्टिंग का प्रस्ताव भी तैयार करना होगा। 

रांची में इस सड़क का होगा सरफेस रिन्यूवल
रांची के एलपीएन शाहदेव चौक से बूटी मोड़ तक 7.90 किमी सड़क का सरफेस रिन्यूवल कराया जायेगा, जिसमें कुल 11.71 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस काम को 6 महीने में पूरा करना होगा। 

डाल्टनगंज में बाइपास के लिए भूमि अधिग्रहण होगा
डाल्टनगंज में नोडीहा बाजार बाइपास के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास औऱ वन भूमि डायवर्जन से संबंधित प्रस्ताव तैयार किया जायेगा। इसके तहत 3.140 किमी लंबे बाइपास के लिए कंसल्टेंसी सेवा ली जायेगी। काम पूरा करने की अवधि 1 महीने निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के मुताबिक झारखंड में आवागमन को सुगम बनाने और विभिन्न क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क को मजबूत बनाने के उद्देश्य से काम किया जा रहा है।

सड़क, पुल और अन्य आधारभभूत संरचना के विकास के लिए बेहतर परिवहन की सुविधा मिले, सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है। 

Tags - Jharkhand NewsFollow Up JharkhandRoad Connectivity Road Construction in Jharkhand