द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे हैं। शनिवार, 24 अक्टूबर को उनके प्रवास का अहम दिन है। इस दौरान वह भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे और पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। रांची एयरपोर्ट पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास और मधु कोड़ा शामिल थे। इसके अलावा राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह, झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह-प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और संजय सेठ ने भी उनका स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्धारित कार्यक्रमों में जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक भी शामिल है। इस बैठक में वह जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति, पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ संवाद कर संगठन को मजबूत बनाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को झारखंड में भाजपा के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बनेगी आगामी रणनीति
भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक में राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का मुख्य संबोधन होगा। उनके संबोधन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन की प्राथमिकताओं तथा भावी राजनीतिक दिशा को लेकर मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है। बैठक में राज्य के राजनीतिक घटनाक्रमों और संगठन की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन किया जाएगा।

बैठक के बाद फैसलों पर होगी प्रेस ब्रीफिंग
कार्यसमिति की बैठक में होने वाली चर्चाओं और लिए जाने वाले महत्वपूर्ण निर्णयों को लेकर पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग भी आयोजित की जाएगी। इसमें बैठक के प्रमुख निष्कर्षों और राजनीतिक प्रस्तावों की जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी। नितिन नबीन के तीन दिवसीय झारखंड प्रवास के दौरान प्रदेश नेतृत्व और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हैं। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य प्रदेश संगठन की समीक्षा, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और राज्य में पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर दिशा तय करना है।