द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में 30 अक्टूबर से अगले 3 दिन बारिश का पूर्वानुमान (Rain Forecast in Jharkhand) है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि राज्य के दक्षिणी हिस्से में मौसम में बदलाव का ज्यादा असर दिखेगा। कोल्हान के तीन जिलों समेत खूंटी, सिमडेगा, रांची और आसपास के जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि अगले 4 दिन में पूरे झारखंड (Jharkhand Weather Update) के तापमान में गिरावट आयेगी। पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से अंडमान सागर के पास निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। यह बड़ा होकर 25 अक्टूबर तक गहरे निम्न दबाव में बदल सकता है। यह पश्चिम उत्तर दिशा से आगे बढ़कर 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवातीय तूफान मं बदल जायेगा जो आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट की ओर बढ़ेगा, जिसका असर झारखंड पर भी पड़ेगा।

रांची में अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री
गौरतलब है कि इस समय राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है। पश्चिमी सिहंभूम में सर्वाधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।

झारखंड में गुलाबी सर्दी ने दी है दस्तक
झारखंड में सुबह और शाम को ठिठुरन का अहसास होने लगा है। ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय कोहरा और धुंध भी देखा जा सकता है। 30 अक्टूबर को बारिश के बाद तापमान और गिरेगा और फिर सर्दी की आधिकारिक दस्तक हो जायेगी। बदलते मौसम में लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। मौसम विभाग ने खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों का खयाल रखने की बात की है।