जमशेदपुर:
जमशेदपुर की सड़कों पर रविवार की सुबह दौड़, जोश और फिटनेस का उत्साह देखने को मिला। टाटा स्टील जमशेदपुर हाफ मैराथन के 11वें संस्करण में 5,663 धावकों ने हिस्सा लेकर अपनी दौड़ने की क्षमता का प्रदर्शन किया। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से शुरू हुए इस आयोजन में 21 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी, 5 किमी और 2 किमी की 4 श्रेणियों में धावक शामिल हुए। मुख्य मुकाबले 21 किमी हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग में सुनील कुमार और महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की पूजा वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, 10 किमी दौड़ में पश्चिम बंगाल के दीप पंडित और उत्तर प्रदेश की नंदिनी गुप्ता विजेता बने।

एवरेस्ट विजेता अस्मिता दोर्जी ने दिखाई हरी झंडी
21 किमी हाफ मैराथन को रुचि नरेंद्रन, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदरा रामम और एवरेस्ट विजेता अस्मिता दोर्जी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुरुष वर्ग में सुनील कुमार ने 1 घंटा 4 मिनट 27 सेकेंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। पश्चिम बंगाल के अनुपम महतो 1:05:18 घंटे के समय के साथ दूसरे और प्रशांत चौधरी 1:05:44 घंटे में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहे। झारखंड के बबलू टुडू और धनंजय महतो क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में यूपी की पूजा वर्मा ने जीता खिताब
महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की पूजा वर्मा ने 1 घंटा 17 मिनट 52 सेकेंड के समय के साथ खिताब अपने नाम किया। फूलन पाल 1:18:01 घंटे के साथ दूसरे और गुड़िया 1:30:35 घंटे के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। झारखंड की बमई तिरिया और सबित्री गुइया ने क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया।

पश्चिम बंगाल और यूपी के धावकों का दबदबा रहा
10 किमी दौड़ में भी पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के धावकों का दबदबा रहा। पुरुष वर्ग में पश्चिम बंगाल के दीप पंडित ने 30 मिनट 16 सेकेंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। अर्जुन टुडू 30:45 मिनट के साथ दूसरे और उत्तर प्रदेश के अजय कुमार बिंद 30:57 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की नंदिनी गुप्ता ने 35 मिनट 15 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। ज्योति 36:18 मिनट के साथ दूसरे और बिहार की पूजा सिंह 36:22 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
5 किमी दौड़ के पुरुष वर्ग में ओडिशा के राजेश केराई 16 मिनट 35 सेकेंड के समय के साथ विजेता बने। निखिल कुमार दूसरे और झारखंड के गुमडी मुंडा तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में पश्चिम बंगाल की मनाली सिंघा ने 18 मिनट 17 सेकेंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। झारखंड की ममता कुमारी दूसरे और ओडिशा की सुलोचना नायक तीसरे स्थान पर रहीं।

आयोजन की चारों श्रेणियों में प्रतिभागी हुए शामिल
आयोजन की चारों श्रेणियों में प्रतिभागियों की संख्या में भी खासा उत्साह दिखा। 21 किमी में 476, 10 किमी में 1,514, 5 किमी में 2,190 और 2 किमी दौड़ में 1,483 धावकों ने पंजीकरण कराया था। 5 किमी दौड़ को टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट प्रोबाल घोष, ट्रैफिक डीएसपी नीरज, एशियन पैरा गेम्स 2026 में बैडमिंटन प्रतिभागी उमेश विक्रम और पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने रवाना किया।
वहीं, 2 किमी दौड़ को टाटा स्टील गम्हरिया के चीफ रंजन कुमार सिंह और पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने हरी झंडी दिखायी।
रन फॉर द ग्रीनर टुमॉरो मैराथन की थीम
इस बार मैराथन की थीम 'रन फॉर द ग्रीनर टुमॉरो' रखी गई थी। इसके जरिए फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। हाफ मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग में पहले स्थान पर रहने वाले धावकों को एक-एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर 75 हजार, तीसरे स्थान पर 51 हजार, चौथे स्थान पर 31 हजार और पांचवें स्थान पर 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गयी। 10 किमी दौड़ में प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय 41 हजार, तृतीय 31 हजार, चतुर्थ 21 हजार और पांचवां पुरस्कार 11 हजार रुपये था। वहीं, 5 किमी दौड़ में विजेताओं को क्रमशः 10 हजार, 8 हजार, 7 हजार, 6 हजार और 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गयी।