द फॉलोअप डेस्क
एप्पल ने भारतीय मूल के सबीह खान को कंपनी का नया चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) नियुक्त किया है। वे मौजूदा COO जेफ विलियम्स की जगह लेंगे, जो इस साल के अंत में रिटायर हो रहे हैं। सबीह पिछले 30 वर्षों से Apple में काम कर रहे हैं और फिलहाल ऑपरेशंस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हैं।
सबीह खान का जन्म 1966 में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुआ था। स्कूली पढ़ाई के बाद उनका परिवार सिंगापुर चला गया, फिर बाद में अमेरिका में बस गए। उन्होंने टफ्ट्स यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री ली और फिर RPI से मास्टर्स किया। सबीह ने करियर की शुरुआत GE प्लास्टिक्स में की और 1995 में एप्पल से जुड़े। कंपनी में उन्होंने ग्लोबल सप्लाई चेन और मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
Apple के CEO टिम कुक ने सबीह खान को "सप्लाई चेन का मास्टरमाइंड" बताया। उन्होंने कहा, "सबीह ने हमारे उत्पादों को समय पर और हर कोने में पहुंचाने के लिए बेहतरीन रणनीतियां बनाई हैं। उन्होंने अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाई और कंपनी का कार्बन फुटप्रिंट 60% तक घटाया है।" टिम कुक ने साथ ही रिटायर हो रहे जेफ विलियम्स की भी सराहना की और कहा कि एप्पल की सफलता में उनका बड़ा योगदान रहा है।
सबीह खान इस महीने के अंत तक अपनी नई जिम्मेदारी संभाल लेंगे। जेफ विलियम्स के रिटायर होने तक वे डिजाइन टीम और Apple Watch के प्रोजेक्ट्स को देखते रहेंगे। उनके रिटायरमेंट के बाद, डिजाइन टीम सीधे CEO टिम कुक को रिपोर्ट करेगी। एप्पल के लिए यह एक अहम बदलाव है। सबीह खान की लीडरशिप में कंपनी भविष्य की नई चुनौतियों का सामना कर सकेगी। टेक इंडस्ट्री में यह फैसला भारतीय टैलेंट की एक और बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।
