जमशेदपुर:
Jamsedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के खासमहल (Khasmahal) स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में झारखंड का पहला ग्रेन एटीएम (Grain ATM) यानी अन्नपूर्ति एटीएम (Annapurti ATM) स्थापित किया गया है। मशीन का सफल ट्रायल (Trial) भी पूरा हो चुका है। तकनीकी विशेषज्ञों ने मशीन से अनाज निकालने और उसके वजन की जांच (Weight Testing) की। जरूरी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद दुर्गा पूजा के बाद इसका विधिवत उद्घाटन (Official Inauguration) करने की तैयारी है। इस मशीन के शुरू होने से राशन लेने के लिए जन वितरण प्रणाली (Public Distribution System-PDS) की दुकानों पर घंटों कतार में खड़े रहने से लाभुकों (Beneficiaries) को राहत मिलने की उम्मीद है।

मोबाइल नंबर दर्ज कर अंगूठे से करना होगा सत्यापन
ग्रेन एटीएम से राशन लेने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। लाभुक को सबसे पहले मशीन में अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठे का निशान लगाकर पहचान सत्यापित करनी होगी। सत्यापन पूरा होने पर टच स्क्रीन पर गेहूं या चावल का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद निर्धारित मात्रा में अनाज सीधे मशीन से निकलकर लाभुक के बोरे में गिर जाएगा। पूरी प्रक्रिया में करीब 10 से 15 मिनट लगने का अनुमान है। दिल्ली से पहुंचे तकनीकी विशेषज्ञ आलोक कुमार के अनुसार, यह झारखंड का पहला डिजिटल और स्वचालित ग्रेन एटीएम है। फिलहाल मशीन से निकलने वाले अनाज की मात्रा और वजन की जांच की जा रही है। तकनीकी परीक्षण और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इसे आम राशन कार्डधारकों के लिए शुरू किया जाएगा।
.jpeg)
जिले के किसी भी क्षेत्र के पात्र लाभुक ले सकेंगे राशन
ग्रेन एटीएम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पूर्वी सिंहभूम जिले के पात्र राशन कार्डधारकों को राशन लेने के लिए केवल अपनी निर्धारित जन वितरण प्रणाली की दुकान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिले के किसी भी क्षेत्र के पात्र लाभुक खासमहल पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे। इससे राशन लेने में लगने वाला समय बचेगा और डीलर की दुकान पर निर्भरता भी कम होगी। साथ ही, वितरण में होने वाली अनियमितताओं और खाद्यान्न की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने में भी मदद मिल सकती है।
सीसीटीवी, सुरक्षा गार्ड और बिजली बैकअप की व्यवस्था
मशीन के सुचारु संचालन और सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा गार्ड तैनात करने और बिजली कटौती की स्थिति से निपटने के लिए बैकअप की व्यवस्था की जा रही है। शुरुआत में लाभुकों को मशीन चलाने और राशन निकालने में सहायता देने के लिए ऑपरेटर भी मौजूद रहेंगे।
देशभर में स्थापित हैं करीब 32 ग्रेन एटीएम
सार्वजनिक वितरण प्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ग्रेन एटीएम की व्यवस्था की जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, देशभर में ऐसी करीब 32 मशीनें स्थापित की गई हैं। जमशेदपुर में इसकी शुरुआत के बाद रांची, धनबाद समेत झारखंड के अन्य जिलों में भी ग्रेन एटीएम स्थापित करने की योजना है।