द फॉलोअप टीम, मुंबई:
इंडियन प्रीमियर लीग में आज चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के साथ होगा। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का दूसरा मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जायेगा। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली सीएसके यूएई में खेले गए बीते सीजन की खराब यादें भुलाकर नये सिरे से 14वें सीजन का आगाज करना चाहेगी। चेन्नई सुपर किंग्स में इस सीजन चिन्ना थाला यानी सुरेश रैना की वापसी हुई है। रैना की वापसी से टीम के मध्यक्रम को मजबूती मिलेगी। टीम बीते सीजन इसका समाधान नहीं तलाश पाई थी।
क्या चेतेश्वर पुजारा को मौका देगी सीएसके
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली पर दांव लगाया है और टीम को उनसे काफी उम्मीदें होंगी। 13वें सीजन के आखिरी तीन मैचों में अर्धशतक लगाने वाले युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ से भी कप्तान धोनी को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है, इसलिये उनकी जगह लुंगी एन्डिगी ले सकते हैं। बाकी रविंद्र जडेजा, सैम करन, फाफ डू प्लेसिस जैसे खिलाड़ियों से सजी सीएसके नए उत्साह के साथ मैदान में उतरेगी। देखना होगा कि चेतेश्वर पुजारा को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है या नहीं।
दिल्ली को खल सकती है श्रेयस अय्यर की कमी
दिल्ली कैपिटल्स को नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर की कमी खलेगी जो इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में चोटिल हो गये थे। फ्रेंचाइजी ने उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को कप्तान बनाया है। ऋषभ पंत के पास हालिया फॉर्म का आत्मविश्वास है जिसकी इस्तेमाल वो कप्तानी में करना चाहेंगे। युवा कप्तान को रविंचंद्रन अश्विन, आंजिक्य रहाणे, स्टीव स्मिथ और शिखर धवन जैसे सीनियर प्लेयर्स की मदद भी मिलेगी। टीम में पृथ्वी शॉ भी हैं जिनका विजय हजारे का हालिया सीजन काफी अच्छा बीता है। कगिसो रबाडा तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे। ईशांत शर्मा के अनुभव का फायदा भी टीम उठाना चाहेगी। अक्षर पटेल भी टीम में हैं।
सीजन का पहला मुकाबला आरसीबी ने जीता
कुल मिलाकर कागजों में दोनों ही टीमें काफी मजबूत दिखाई दे रही है। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला काफी कड़ा और दिलचस्प होगा इसकी पूरी गारंटी है। दोनों ही टीमें बीते कई दिनों से मुंबई में है तो हालात से भी सामंजस्य बिठा लिया होगा। मैच भारतीय समय के मुताबिक शाम सात बजे से शुरू होगा। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का पहला मुकाबला विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चेलैंजर्स बेंगलुरु ने जीता। आरसीबी ने गत विजेता मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हराया। मुकाबला काफी रोचक था जो आखिरी ओवर तक गया।