द फॉलोअप टीम, डेस्क:
भारत और श्रीलंका के बीच आज तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा। पहला मैच भारतीय समय अनुसार दोपहर तीन बजे से खेला जाएगा। गौरतलब है कि बीसीसीआई ने रोहित, विराट, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा जैसे सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजदूगी वाली युवा टीम को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज खेलने भेजा है। इस टीम की अगुवाई सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को सौंपी गई है।
बेहतरीन खिलाड़ियों से भरी है टीम इंडिया
भारतीय टीम में शिखर धवन, युवा देवदत्त पाडिक्कल, पृथ्वी शॉ, ऋतुरात गायकवाड़, सूर्यकुमार यादव, मनीष पांडेय, ईशान किशन, संजू सैमसन जैसे शानदार बल्लेबाजी इकाई है। टीम में हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या के रूप में दो बेहतरीन ऑलराउंडर्स हैं। स्पिन विभाग में टीम टीम इंडिया के पास कुलदीप यादव, यजुवेंद्र चहल, वरूण चक्रवर्ती और कृष्णप्पा गौतम है। कृष्णप्पा गौतम हालांकि बल्ले से भी योगदान दे सकते हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई उपकप्तान भुवनेश्वर कुमार पर होगी। उनके साथ नवदीप सैनी, दीपक चाहर और चेतन सकारिया हैं। देखना दिलचस्प होगा कि टीम इंडिया किस ओपनिंग जोड़ी के साथ उतरती है। शिखऱ धवन तो होंगे ही। उनके साथ पारी का आगाज देवदत्त पाडिक्कल, पृथ्वी शॉ और ऋतुरात गायकवाड़ में से कौन करेगा ये देखने वाली बात होगी। मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव, मनीष पांडेय औऱ हार्दिक पांड्या होंगे। विकेटकीपिंग में प्रदर्शन में निरंतरता के आधार पर संजू सैमसन पर ईशान किशन का पलड़ा भारी है। तेज गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और दीपक चाहर होंगे। टीम तीन तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है।

टीम इंडिया स्क्वायड को लेकर हुआ था विवाद
गौरतलब है कि टीम इंडिया की इस नई टीम को लेकर काफी विवाद भी हुआ था। दरअसल श्रीलंका के विश्व विजेता कप्तान रहे अर्जुन रणतुंगा ने कहा था कि बीसीसीआई ने अपनी बी टीम भेज दी। श्रीलंका के लिए ये अपमानजनक है। श्रीलंकाई टीम को इस भारतीय टीम के खिलाफ खेलने से इंकार करना चाहिए। हालांकि श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने इस बात से साफ इंकार किया। बोर्ड ने कहा कि बीसीसीआई से पूरी बातचीत हुई है। ये बीसीसीआई की बी टीम नहीं है। पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने भी अर्जुन राणातुंगा को आड़े हाथों लिया। आकाश चोपड़ा ने कहा कि शिखर धवन की अगुवाई वाली टीम श्रीलंकाई टीम से कहीं ज्यादा अनुभवी है। उन्होंने कहा कि जिस टीम को विश्व कप के लिए क्वालीफायर्स खेलना पड़ रहा हो उसके बारे में ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए। हालांकि ये बात अब आई-गई हो चुकी है।
दासुन शनाका के हाथों में श्रीलंकाई टीम की कमान
बता दें कि श्रीलंकाई टीम की कमान दासुन शनाका के हाथों में है। टीम में अविष्का फर्नांडो, मिनोद भानुका, पात्तुम निशांका, धनंजय डिसिल्वा, भानुका राजपक्षा, वायनिंदू हासरंगा जैसे बल्लेबाज हैं। टीम कम अनुभवी है लेकिन ये तीखा पलटवार कर सकते हैं। चमिका करुणारत्ने, अकिला धनंजय, दुशमांथा चमिरा और लक्षण संदाकन गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे।
पहली बार टीम इंडिया की अगुवाई करेंगे शिखर धवन
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ये पहली बार होगा जब शिखर धवन टीम इंडिया की अगुवाई करेंगे। उनके लिए ये काफी चुनौतीपूर्ण होगा। ना केवल नेतृत्व में बल्कि व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी शिखर धवन को खुद को साबित करना होगा ताकि आगामी टी-20 विश्व कप में मजबूत दावेदारी पेश कर सकें। ये टीम युवाओं से भरी है। हर किसी की कोशिश होगी कि वे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करें। युवा ऋतुराज गायकवाड़, देवदत्त पाडिक्कल, चेतन सकारिया और कृष्णप्पा गौतम जैसे खिलाड़ियों के लिए तो ये अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका होगा। इस टीम का कोच राहुल द्रविड़ को बनाया गया है।