द फॉलोअप टीम, डेस्क:
भारत और इंग्लैंड के बीच प्रस्तावित पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच पर संकट का बादल मंडरा रहा है। ये बात स्पष्ट हो चुकी है कि मैच शुक्रवार को शुरू नहीं हो सकेगा क्योंकि भारतीय खेमे से तीन सपोर्ट स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अभी भी कई सैंपल्स का रिजल्ट आना बाकी है। गौरतलब है कि टेस्ट मैच शुक्रवार को शुरू होगा या नहीं, इस मसले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के बीच लंबी वार्ता हुई थी।

दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई है लंबी वार्ता
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मैच को लेकर किसी भी तरह का फैसला लेने से पहले दोनों क्रिकेट बोर्ड इस बात के लिए श्योर हो जाना चाहते हैं कि सभी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव हो जायें। कोच रवि शास्त्री, बॉलिंग कोच भरत अरूण और फील्डिंग कोच आर श्रीधर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन तीनों को आइसोलेट किया गया है। इनके निकट संपर्क में लोगों को निगरानी में रखा गया है और जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

इंग्लैंड टीम के बीच सब कुछ ठीक-ठाक है
इस बीच इंग्लैंड टीम को इस तरह की किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है। गौरतलब है कि इंग्लैंड के खेमें को कोई भी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ कोरोना पॉजिटिव नहीं पाया गया है। इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जॉस बटलर ने कहा कि सबकुछ ठीक है और मेजबान की निगाह मैच में लगी हुई है। बटलर ने कहा कि हम इस परिस्थिति के बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता है। हम इस बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे हैं कि क्या चल रहा है। इस परिस्थिति में हमें पूरी उम्मीद है कि मैच होगा और हम इसकी तैयारी कर रहे हैं।

रवि शास्त्री सहित ये लोग कोरोना पॉजिटिव हैं
गौरतलब है कि टीम इंडिया के मुख्य कोच रवि शास्त्री, बॉलिंग कोच भरत अरूण और फील्डिंग कोच आर श्रीधर आरटी-पीसीआर टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वे फिलहाल आइसोलेशन में रखे गए हैं। वे तभी आइसोलेशन से बाहर आ सकेंगे जब उनकी टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आएगी। गौरतलब है कि इस वजह से टीम इंडिया गुरुवार को प्रैक्टिस भी नहीं कर सकी। बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि तीनों सपोर्ट स्टाफ को आइसोलेट किया गया है। खिलाड़ियों को भी निगरानी में रखा गया है।