द फॉलोअप टीम, डेस्क:
श्रीलंका के खिलाफ वनडे और टी ट्वेंटी सीरीज खेलने पहुंची टीम इंडिया के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बीसीसीआई ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की। गौरतलब है कि आज यानी मंगलवार को टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी ट्वेंटी मुकाबले में उतरना था। प्रोटोकॉल के हिसाब से सभी खिलाडियों का कोविड टेस्ट किया गया था जिसमें क्रुणाल पांड्या कोरोना संक्रमित पाए गए। इस बात ने टीम की चिंता बढ़ाई है।

मैच से पहले जांच में पाए गए पॉजिटिव
बीसीसीआई ने बताया कि मेडिकल टीम ने ऐसे आठ लोगों की पहचान की है जो क्रुणाल पांड्या के नजदीकी संपर्क में आए थे। पूरी टीम और उनके साथ गए लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया जा रहा है। बीसीसीआई ने बताया कि कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी ट्वेंटी सीरीज का दूसरा मुकाबला होना था। अब इस मैच को स्थगित कर दिया गया है। बीसीसीआई के मुताबिक ये मुकाबला अब बुधवार को खेला जाएगा।
सीनियर खिलाडियों के बिना टीम इंडिया
गौरतलब है कि टीम इंडिया रोहित शर्मा, विराट कोहली, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह जैसे कई सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी ट्वेंटी मैचों की श्रृंखला खेलने पहुंची है। टीम इंडिया ने तीन वनडे मैचों की श्रृंखला 2-1 से जीत ली। पहले टी ट्वेंटी मुकाबले में भी भारत ने श्रीलंका को 36 रनों से हराया। टीम इंडिया की कप्तानी शिखर धवन कर रहे हैं। उपकप्तान भुवनेश्वर कुमार को बनाया गया है।
निर्णायक बढ़त बनाने उतरेगी टीम इंडिया
बता दें कि शिखर धवन की अगुवाई वाली इस टीम इंडिया में कई नए और युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है जिनमें ईशान किशन, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव, चेतन सकारिया, वरूण चक्रवर्ती, पृथ्वी शॉ और नवदीप सैनी जैसे खिलाड़ियों का नाम शामिल है। तीसरे वनडे में तो टीम इंडिया की तरफ से रिकॉर्ड पांच खिलाड़ियों ने डेब्यू किया था। आईपीएल में धोनी की कप्तानी में खेलने वाले ऋतुराज गायकवाड़ को भी इस सीरीज में मौका दिया गया है। हालांकि अभी ऋतुराज गायकवाड़ को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका नहीं मिला है।