logo

INDvsENG: तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया की करारी हार, इंग्लैंड ने पारी और 76 रन से दी मात

12236news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 


टीम इंडिया को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने टीम इंडिया को पारी और 76 रनों से हराया। पहली पारी में महज 78 रनों पर ऑलआउट होने वाली टीम इंडिया दूसरी पारी में भी 278 रन ही बना सकी। गौरतलब है कि टीम इंडिया के पहली पारी में बनाए गए 78 रनों के जवाब में इंग्लैंड ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 432 रन बनाए थे। इस आधार पर इंग्लैंड को 354 रनों की बढ़त हासिल हुई थी। 

चमत्कार ही बचा सकती थी टीम इंडिया को
टीम इंडिया को हार टालने के लिए ना केवल इंग्लैंड द्वारा ली गई बढ़त की बराबरी करनी थी बल्कि इतना लीड हासिल करना था कि इंग्लैंड को जीत हासिल करने से रोका जा सके। इसके लिए जरूरी था कि टीम इंडिया चौथे दिन पूरी बल्लेबाजी करती। पांचवे दिन भी एक या दो सेशन बल्लेबाजी करके इंग्लैंड को रोकने का प्रय़ास करती। ऐसा चमत्कार नहीं हो सका और टीम इंडिया चौथे दिन सत्र की शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। चौथे दिन कप्तान कोहली अपनी स्कोर में केवल 10 रन ही जोड़ पाए और अर्धशतक पूरा करके चलते बने। शतक के करीब पहुंचे चेतेश्वर पुजारा चौथे दिन कोई रन नहीं बना सके और 91 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। आंजिक्य रहाणे ने जरूर 2 चौका लगाया लेकिन वो भी 10 रन के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। ऋषभ पंत ने भी निराशाजनक प्रदर्शन किया।

 

पुछल्ले बल्लेबाजों के सहारे कब तक मिलेगी जीत
अंत में रविंद्र जडेजा ने जरूर कुछ अच्छे शॉट लगाए और हार को टालने की कोशिश की लेकिन पुछल्ले बल्लेबाजों के सहारे वो कब तक टीम इंडिया की डूबती नैया को पार लगा पाते। जब टॉप ऑर्डर ही जज्बा नहीं दिखा पाया तो निचले क्रम के बल्लेबाजों से क्या उम्मीद करना। जाहिर है कि निचले क्रम के बल्लेबाज हर मैच में आपके लिए रन नहीं बना सकते। लॉर्ड्स टेस्ट में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी की अविश्वसनीय बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को जीत दिलाई थी लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता। टीम इंडिया की सबसे बड़ी समस्या इसका मध्यक्रम है। आंजिक्य रहाणे लगातार आउट फॉर्म हैं। पुजारा का बल्ला पिछले कई मुकाबलों में पहली बार चला। ऋषभ पंत में जिम्मेदारी का अभाव दिखता है। 

ओल्ड ट्रैफड ग्राउंड में खेला जाएगा चौथा मुकाबला
टीम इंडिया के बल्लेबाजों का सस्ते में समेटने में सबसे बड़ा योगदान ओली रॉबिन्सन का रहा। रॉबिन्सन ने पांच विकेट हासिल किए। अनुभवी जेम्स एंडरसन के खाते में एक विकेट गया। क्रेग ओवरटन को 3 विकेट मिला। एक विकेट स्पिनर मोईन अली के खाते में गया। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है। पहला मुकाबला ड्रॉ पर छूटा था। लॉर्ड्स में भारतीय टीम ने पिछड़ने के बाद शानदार जीत हासिल की। लीड्स में भारतीय टीम पारी और 76 रन से हार गई। सीरीज का चौथा मुकाबला ओल्ड ट्रैफड क्रिकेट स्टेडियम में खेला जायेगा।