द फॉलोअप टीम, रांची
रांची में 16 जनवरी से आयोजित जेके मीडिया कप टूर्नामेंट का समापन हो गया। इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया था। फाइनल मैच टीम स्वर्णरेखा और दामोदर के बीच हुआ। जिसमें टीम स्वर्णरेखा ने दामोदर को 15 रनों से हरा दिया। इस टूर्नामेंट का आयोजन रांची प्रेस क्लब की ओर से किया गया था।
दामोदर की शुरुआत अच्छी नहीं रही
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए स्वर्णरेखा के खिलाड़ियों ने निर्धारित 16 ओवर में 9 विकेट खोकर कुल 117 रन बनाये। जवाबी पारी खेलने उतरी दामोदर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। स्वर्णरेखा के गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी के आगे टीम दामोदर के बल्लेबाज खुलकर खेलने में नाकाम रहे। दामोदर की पूरी टीम 102 रन पर सिमट गई। विजेता टीम के मैन ऑफ द सीरीज मोनू ने बताया कि इस बार का अनुभव काफी अच्छा रहा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान सारी व्यवस्था अच्छी थी। मोनू ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान कुल 215 रन बनाए और 15 विकेट लिए।
JPSC के अध्यक्ष भी फाइनल मैच में हुए थे शामिल
फाइनल मैच के कार्यक्रम में जेपीएससी अध्यक्ष अमिताभ चौधरी, कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय नाथ शाहदेव बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि मीडिया कप का आयोजन अपने आप में एक अच्छा प्रयास है। इसके लिए टूर्नामेंट से जुड़े सभी लोग बधाई के पात्र हैं।