द फॉलोअप टीम, रांची:
जेएससीए स्टेडियम में स्पीकर एकादश और सीएम एकादश के बीच मैत्री मैच खेला गया। 12-12 ओवर के इस मैच में स्पीकर एकादश की टीम ने सीएम एकादश की टीम को 8 विकेट से हरा दिया। सीएम एकादश की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। टीम ने 73 रन बनाये। जवाब में खेलने उतरी स्पीकर एकादश की टीम 2 ओवर शेष रहते जीत गयी। विधायक अमित मंडल ने स्पीकर एकादश की टीम की तरफ से शानदार बल्लेबाजी की। वे अंत तक नाबाद रहे। अमित मंडल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
अमित मंडल को चुना गया मैन ऑफ द मैच
मैच के बाद मैन ऑफ द मैच बने विधायक अमित मंडल ने कहा कि मैच को लेकर उनकी रणनीति साफ थी। वे सिंगल और ग्राउंड शॉट के जरिये पारी को संभालना चाहते थे। जब उनसे पूछा गया कि वे युवा हैं लेकिन कोई छक्का नहीं लगाया तो जवाब में उन्होंने कहा कि वे हवा में शॉट खेलकर आउट नहीं होना चाहते थे। अमित मंडल ने कहा कि पिछली बार भी मैच खेले थे लेकिन इस बार मैन ऑफ द मैच बनकर अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से आपसी सौहार्द बना रहता है। वे काफी खुश नजर आये।
सीएम ने नवीन जायसवाल को किया बोल्ड
सीएम एकादश की तरफ से सीएम ने एक विकट हासिल किया। उन्होंने नवीन जायसवाल को क्लीन बोल्ड कर दिया। वाघमारा विधायक ढुल्लू महतो हिट विकेट आउट हो गये। मैच में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की। प्रदीप यादव ने भी अच्छी गेंदबाजी की। स्पीकर एकादश की तरफ से अमित मंडल और नवीन जायसवाल ने ओपनिंग की। दोनों ने अच्छी पार्टनरशिप निभाई। सीएम एकादश की टीम मैच में वापसी कर सकती थी लेकिन प्रदीप यादव और इरफान अंसारी ने एक-एक कैच टपकाया जिसकी वजह से जब जरूरत थी विकेट नहीं मिला।
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गये विधायक रणधीर सिंह
स्पीकर एकादश की टीम के कार्यकारी कप्तान रणधीर सिंह मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गये। उन्होंने कहा कि मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जाना काफी अच्छी बात है। रणधीर सिंह ने स्पीकर एकादश की टीम की तरफ से 6 गेंदों में नाबाद 12 रनों की पारी खेली और मैच को फिनिश किया। उन्होंने कहा कि दोनों ही टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। आखिरी में वो जीती तो सर्वश्रेष्ठ थी। प्रतिद्वंदि टीम की तरफ से सबसे अच्छा खिलाड़ी कौन था। इसके जवाब में रणधीर सिंह ने सीएम हेमंत सोरेन का नाम लिया। रणधीर सिंह ने कहा कि सीएम ने लाजवाब प्रदर्शन किया।